महासमुन्द

गौधन योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के जीवन और आर्थिक कल्याण की गुणवत्ता में सुधार करने वाली-कलेक्टर
16-Mar-2021 7:24 PM
गौधन योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के जीवन और आर्थिक कल्याण की गुणवत्ता में सुधार करने वाली-कलेक्टर

   कांकेर के समूह ने गौठान में चल रही गतिविधियों का किया अवलोकन   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुन्द, 16 मार्च। कलेक्टर डोमन सिंह ने कहा कि  राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजना नरवा, गरवा, घुरवा अउ बाड़ी एवं गौधन न्याय योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के जीवन और आर्थिक कल्याण की गुणवत्ता में सुधार करने की योजना है, एक प्रक्रिया है। खासकर अपेक्षाकृत पृथक और कम आबादी वाले क्षेत्र में राज्य शासन आर्थिक और बुनियादी स्थिति को लेकर गंभीर है।

 गौधन न्याय योजना ग्रामीण पशुपालकों, ग्रामीण समुदायों के सामाजिक और आर्थिक विकास को आगे बढ़ाना है। उक्त बातें बरोण्डाबाजार के गौठान में कांकेर जिले से आये समूह को सम्बोधित करते हुए कही। जिल के गौठान में की जा रही गतिविधियां और कुछ बेहतर सुझाव के लिए छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के गौठान में अच्छे जीविकोपार्जन के काम एवं अच्छी गतिविधियां करने वाले समूह के 25 सदस्य एवं कृषकों का गौठान दर्शन योजनांतर्गत एक दल कल महासमुन्द पहुंचा था।    

  कलेक्टर सहित पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. रवि मित्तल एवं वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत ने दल के सदस्यों का आत्मीय स्वागत किया। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का सपना था कि  प्रत्येक गांव में स्वरोजग़ार को बढ़ावा देने कुटीर उद्योग की स्थापना किया जाए। गांधी जी के हर सपने को साकार करने का प्रयास राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजना नरवा, गरवा, घुरवा अउ बाड़ी योजना के माध्यम से किया जा रहा है। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक छत्तीसगढ़ी भाषा में सम्बोधित किया।

 कलेक्टर ने भ्रमण पर आए लोगों को बताया कि पुलिस अधीक्षक कांकेर जिले के ही निवासी हैं, तो भ्रमण दल के सदस्य काफी प्रसन्न हुए।  श्री ठाकुर ने कहा कि आप लोग यहां से अच्छी चीजें सीखकर जाएं तथा अपने जिले के लोगों को भी इस बारे में अवगत कराएं। यहां के गांवों में एक ही छत के नीचे कम लागत पर स्वसहायता समूह की महिलाएं आजीविका से सम्बंधित विभिन्न प्रकार की गतिविधियों का संचालन कर रहीं हैं। कांकेर से आए समूह ने सर्वप्रथम महासमुन्द विकासखण्ड के ग्राम बम्हनी के गौठान केन्द्र पहुंचकर वहां स्वसहायता समूह द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया।

उन्होंने गौठान में बनाए जा रहे वर्मी कम्पोस्ट खाद, फेंसिंग पोल, बटेर पालन, समूह बकरी पालन, बाड़ी में लगाए गए साग-सब्जियों तथा समूह द्वारा बनाए गए विभिन्न उत्पादनों की जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने उनके द्वारा कांकेर जिले में गौठान में किए जा रहे  विभिन्न गतिविधियों के कार्यों के बारे में स्वसहायता समूहों को जानकारी साझा की। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें पांच-पांच किलो वर्मी कम्पोस्ट खाद का वितरण किया।

भ्रमण दल ने बरोण्डाबाजार के गौठान बाजार का अवलोकन किया। जहां स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा टेराकोटा के माध्यम से बनाए गए जग, पत्तल, दोना, गिलास, कटोरी, मूर्तियां, दीया, कलश, विभिन्न प्रकार की झूमर सहित अन्य सजावटी सामग्रियां बनाई जा रही हैं तथा गौठान बाजार में महिलाओं द्वारा मशीन के माध्यम से सिलाई का कार्य एवं कैंटिन का भी अवलोकन किया। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ मित्तल ने कहा कि यह हमारे लिए खुशी की बात है कि भ्रमण दल हमारे जिले में आए हैं। जो एक-दूसरें से अपने कार्य करने के तरीके यहां के लोगों को भी बताएंगे। इससे यहां के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा।

 इस दौरान भ्रमण दल के कुछ सदस्यों ने कांकेर में किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुनील कुमार चंद्रवंशी, कृषि विभाग के उप संचालक एस.आर. डोंगरे, जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी डी.एल. नायक सहित सम्बंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, गौठान समिति के अध्यक्ष तथा पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news