दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 21 मई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर रायपुर निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत जिले के 4 हजार 310 किसानों को खरीफ सीजन 2020-21 की पहली किश्त के रूप में 2 करोड़ 65 लाख 64 हजार रूपए की कृषि आदान सहायता राशि (इनपुट सब्सिडी) उनके खाते में अंतरण किया। जिले के किसानों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत 9 करोड़ 78 लाख 43 हजार रूपए का लाभ मिलेगा। आज कुल राशि का 27.14 प्रतिशत अर्थात् 2 करोड़ 65 लाख 64 हजार रूपए का भुगतान किया गया।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदेश में फसल उत्पादन को प्रोत्साहित करने और किसानों को उनकी उपज का सही दाम दिलाने के लिए दूरगामी निर्णय लेते हुए राजीव गांधी किसान न्याय योजना की शुरूवात पिछले वर्ष की गई थी। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में सांसद सोनिया गांधी के संदेश का वाचन किया। इस अवसर पर आतंकवाद और हिंसा का डटकर विरोध करने की शपथ भी ली गई। राज्यसभा सांसद पी.एल. पुनिया भी वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़े। मंत्रिमण्डल के सभी मंत्रीगण सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
राशि अंतरण के दौरान पुरानेे कलेक्ट्रेट के स्वान कक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष तुलिका कर्मा, कलेक्टर दीपक सोनी जिला पंचायत सीईओ अश्वनी देवांगन, सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।