मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

धान खरीदी केंद्र में 12 बोरा अमानक धान जब्त, केल्हारी समिति के तीन अफसरों को नोटिस
28-Dec-2022 7:45 PM
धान खरीदी केंद्र में 12 बोरा अमानक धान जब्त, केल्हारी समिति के तीन अफसरों को नोटिस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मनेन्द्रगढ़, 28 दिसम्बर। मनेन्द्रगढ़ कलेक्टर पीएस धु्रव ने जिले में धान खरीदी का जायजा लेने आज धान उपार्जन केल्हारी, घुटरा, डोडकी, कोटाडोल एवं रांपा केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। केल्हारी धान खरीदी केन्द्र में अनियमितता के चलते उन्होंने केन्द्र के सहायक नोडल अधिकारी ओमप्रकाश श्रीवास सहित समिति प्रबंधक सुरजन सिंह एवं धान खरीदी प्रभारी प्रकाश सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने इस दौरान वहां धान बेचने डांडहंसवाही के एक कृषक द्वारा लाए गए 12 बोरा अमानक धान को भी जब्त किए जाने की कार्रवाई की।

कलेक्टर धु्रव ने धान उपार्जन केन्द्र केल्हारी के निरीक्षण के दौरान वहां के कार्यालय एवं केन्द्र परिसर में व्याप्त गंदगी, उपार्जित धान का सुव्यवस्थित स्टेगिंग न किए जाने के मामले को लेकर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने समिति प्रबंधक प्रकाश सिंह को मानक स्तर का ही धान खरीदने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी के मामले में किसी भी तरह की गड़बड़ी हरगिज बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने इसके पश्चात धान उपार्जन केन्द्र घुटरा, डोडकी, कोटाडोल एवं रांपा पहुंचकर वहां धान खरीदी की व्यवस्था का मुआयना किया और किसानों से भुगतान संबंधी जानकारी भी ली। गौरतलब है कि जिले में धान खरीदी की व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार धान खरीदी केन्द्रों का दौरा कर वहां की व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं। एमसीबी जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में धान बेचने के लिए 16022 किसानों ने पंजीयन कराया है। 27 दिसम्बर की स्थिति में 8705 किसानों से 4 लाख 5 हजार 320 क्विंंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। जिसके एवज में किसानों को नियमित रूप से उनके खाते में राशि का भुगतान भी किया जा रहा है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news