राजनांदगांव

पुलिस की सख्ती और सजगता से घटे अपराध -एसपी ठाकुर
01-Jan-2023 12:56 PM
पुलिस की सख्ती और सजगता से घटे अपराध -एसपी ठाकुर

सालाना रिपोर्ट में पुलिस की एसपी ने गिनाई उपलब्धियां, यातायात बंदोबस्त को पुख्ता करने पर रहेगा जोर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 जनवरी।
नववर्ष के आखिरी दिन  एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने पुलिस की सालाना रिपोर्ट के आधार पर कहा कि पुलिस की सख्ती और सजगता से अपराधों की संख्या में गिरावट आई है। एसपी ने कहा कि साल 2023 में यातायात बंदोबस्त को पुख्ता करना पुलिस की प्राथमिकता रहेगी। 2022 में हुए हत्या, चोरी, अपहरण, लूट, नकबजनी तथा बलात्कार जैसी संगीन घटनाओं को लेकर एसपी ने एक आंकड़ा सामने रखा। उन्होंने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए भी अपने मातहत अफसरों की पीठ थपथपाई।

उन्होंने कहा कि हत्या के मामलों में ज्यादातर अपराधी सलाखों के पीछे पहुंचाए गए हैं। उन्होंने मीडिया से चर्चा करते कहा कि पुलिस ने हर मोर्चे पर पूरी पारदर्शिता और मुस्तैदी के साथ काम किया। जिसके नतीजे सकारात्मक रूप से सामने आए। पुलिस ने हर अपराधियों को उनके गुनाह के चलते जेल में बंद किया। पत्रकारों से चर्चा करते उन्होंने बताया कि 2022 में पुलिस ने सामाजिक सरोकार से जुड़े सट्टा-जुआ के प्रकरणों में कोई ढील नहीं दी। पुलिस ने 500 प्रकरणों में जुआरियों और सटोरियों से लगभग 6 लाख 75 हजार रुपए भी जब्त किए। पुलिस ने 210 जुआ प्रकरणों में भी 861 आरोपियों से 2 लाख 38 हजार 420 रुपए जब्त किए।

एसपी ने बताया कि कुछ चर्चित हत्याओं का पुलिस ने शीघ्र अतिशीघ्र खुलासा किया। जिसमें 21 जून 2021 को लालबाग थाना क्षेत्र के इंदामरा में 12 साल के बालक का अपहरण बाद हत्या करने के मामले में पड़ोसी तुलसीराम को गिरफ्तार किया। इसी तरह पुलिस ने 13 जुलाई 2022 को लिटिया निवासी हिरावन मांडले की  हत्या की घटना में कार्रवाई करते हुए एक महिला मोमीन वर्मा और डिगेश्वर वर्मा को गिरफ्तार किया। डोंगरगढ़ क्षेत्र में 13 साल 9 माह की नाबालिग बालिका का अपहरण कर हत्या की घटना के आरोपी छबिल कुर्रे को आरोपी के रूप में पुलिस ने जेल भेज दिया।  

सोमनी क्षेत्र में 24 सितंबर को संतोष यादव नामक की भी हत्या हुई। उस पर भी पुलिस ने त्वरित कदम उठाते आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की। राजनंादगांव शहर के तुलसीपुर में दानिश खान और बसंतपुर क्षेत्र में आदित्य उर्फ गोविंदा सौदागर की हत्या के मामले में भी पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। बोरतलाव क्षेत्र में 55 साल के चंद्रभूषण सिंह की हत्या के मामले में भी पुलिस ने एक महिला लाभिनी साहू और नूतन साहू को गिरफ्तार किया। इस तरह राजनांदगांव पुलिस ने सालभर गंभीर अपराधों के साथ जुआ-सट्टा और अवैध शराब के मामलों में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की।

चिखली चौकी को थाना बनाने का भेजा गया प्रस्ताव, शहर होगा जल्द सीसीटीवी कैमरे से लैस
राजनांदगांव शहर की कानून व्यवस्था को लेकर एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने एक अहम जानकारी देते बताया कि शहर जल्द ही सीसीटीवी कैमरे से लैस होगा। साथ ही चिखली पुलिस चौकी के अपग्रेडेशन के संबंध में भी उन्होंने जानकारी दी।

एसपी ने बताया कि चिखली पुलिस चौकी को थाना का दर्जा देने का प्रस्ताव पीएचक्यू भेजा गया है। चिखली पुलिस चौकी एक तरह से थाना के तर्ज पर काम कर रहा है। अपराध और अन्य मामलों में पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज हो रहे हैं। ऐसे में पीएचक्यू से चिखली को थाना की मान्यता दिए जाने का प्रस्ताव भेजा गया है। उधर राजनांदगांव शहर के चौक-चौराहों को सीसीटीवी कैमरे से लैस किए जाने के अधूरे काम को जल्द पूरा करने की जानकारी दी गई है। आपराधिक घटनाओं और गतिविधियों के खुलासे में तकनीकी तौर पर सीसीटीवी कारगर साबित हुए। ज्यादातर मामलों में पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सीसीटीवी से सहायता मिलती रही है। एसपी ने यह भी बताया कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा। खासतौर पर चाकूबाजों पर भी नकेल कसे जाएंगे। 2022 में पुलिस ने अलग-अलग आरोपियों से 47 चाकू,  10 तलवार, एक रिवाल्वर और एक देशी कट्टा जब्त किया गया है। आम्र्स एक्ट के मामलों में पुलिस ने सख्ती दिखाई।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news