मोहला मानपुर चौकी

सबसे अधिक चौकी और सबसे कम मानपुर ब्लॉक में धान खरीदी
06-Jan-2024 3:54 PM
सबसे अधिक चौकी और सबसे कम मानपुर ब्लॉक में धान खरीदी

दो माह में 2 अरब की धान खरीदी 27 केंद्रों से

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबागढ़ चौकी, 6 जनवरी।
नवगठित जिला मोहला- मानपुर-अंबागढ़ चौकी में पिछले दो माह से जारी धान खरीदी में अब तक दो अरब 27 करोड़ 15 लाख से अधिक की धान खरीदी हो गई है। नए जिले के तीन ब्लॉकों के 27 धान उपार्जन केन्द्रों में सबसे अधिक धान खरीदी अं. चौकी ब्लाक एवं सबसे कम खरीदी मानपुर ब्लॉक में हुई है।

नवगठित जिला मोहला-मानपुर-अं. चौकी  में 1 नवंबर से धान खरीदी जारी है। शुरूआत में दीपावली पर्व, फसल कटाई में विलंब व विस चुनाव एवं मौसम परिवर्तन के चलते सोसाइटी में धान बेचने किसान कम संख्या में पहुंचे, लेकिन चुनाव के बाद जिले के 27 धान उपार्जन केंद्रों में धान बेचने किसानों का मेला लगने लगा है। सबसे अधिक 11 धान खरीदी केंद्र अं. चौकी ब्लॉक में है। जबकि मोहला में 9 और मानपुर में 7 धान खरदी केंद्र है। वहीं मानपुर ब्लॉक में 7 धान खरीदी केंद्र हैं।  जिले के सभी 27 धान खरीदी केन्द्र में पिछले 65 दिनों में दो अरब 27 करोड 15 लाख 68 हजार 728 रुपए से अधिक की धान खरीदी हो गई है। इस वर्ष धान खरीदी में अब तक जिले के 21 हजार 222 किसान लाभान्वितत हुए हैं। जिसमें अंबागढ़ चौकी ब्लॉक में नौ हजार सात सौ किसानों से एक अरब 21 लाख 47 हजार रुपए की धान खरीदी हुई है। मोहला ब्लाक में तीन हजार 261 किसानों से 74 करोड़ 98 लाख 57 हजार से अधिक की धान खरदी हुई है। वहीं मानपुर विखं के सात केंद्रों में 51 करोड़ 95 लाख 64 हजार से अधिक की धान खरीदी हो गई है। 

 केंद्रों से 50 फीसदी उठाव नहीं 
जिले के कुल 27 धान उपार्जन केन्द्रों में धान का उठाव एवं परिवहन नहीं होने से सोसाइटी कई तरह की समस्याओ से घिरे हुए हंै।  जिले में हुई धान खरीदी के मुकाबले धान का उठाव का प्रतिशत दर 50 प्रतिशत से भी कम है। धान का उठाव नहीं होने से केन्द्रों में धान रखने को जगह नहीं है। प्रबंधकों की माने तो सोसायटी से नियमित धान का उठाव नहीं होने से केन्द्र धान से लबालब हो गए हैं। किसानों का धान सोसायटी से बाहर सडक में डंप हो रहा है। इससे किसानों व सोसायटी कर्मचारियों दोनों को कई तरह की परेशानियां हो रही है।

लिकिंग में हुई 63 करोड़ की खरीदी 
नए जिले के कुल 27 धान उपार्जन केन्द्रो में पिछले 65 दिनों में 63 करोड 55 लाख 375 रुपए की धान खरदी हुई है। जिले में सबसे अधिक लिंकिंग में धान खरीदी में अंबागढ चौकी विकासखंड में हुई है। यहां पर तीस करोड़ 13 लाख 43 हजार 238 रुपए एवं मोहला ब्लाक में बीस करोड़ 64 लाख की है। वहीं सबसे कम मानपुर ब्लाक में लिकिंग में धान खरीदी 9 करोड़ 94 लाख एक हजार 201 रुपए की धान खरीदी हुई है।

चौकी में एक अरब से अधिक की खरीदी 
नए जिले के तीनों विखं में सबसे अधिक धान खरीदी अं. चौकी ब्लॉक में हुई है। जानकारी के अनुसार अं. चौकी ब्लॉक के कुल 11 धान उपार्जन केंद्रों में पिछले दो माह में एक अरब 21 लाख 47 हजार की धान खरीदी हो चुकी है। चौकी सोसायटी में 1335 किसानों से कुल 12 करोड 54 लाख 24 हजार 987, आतरगांव सोसायटी में सात सौ किसानों से 7 करोड़ 53 लाख 32 हजार 227 रुपए, आडेझार में 588 कृषकों से  6 करोड़ 2 लाख 61 हजार 713 रुपए, छछानपाहरी में 1050 कृषकों से  10 करोड़, 5 लाख 66 हजार 782 रुपए, ढाढुटोला में 1151 किसानों से 11 करोड़ 17 लाख 96 हजार 117 रुपए,  आमाटोला में 1055 अन्नदाताओं से 10 करोड 4 लाख 37 हजार 309 रुपए, रेंगाकठेरा में 620 किसानों से सात करोड़ 62 लाख 63 हजार 899 रुपए, कौड़ीकसा सोसाइटी में 1114 कृषकों से 11 करोड़ 2 लाख 81 हजार 766, चिल्हाटी धान उपार्जन केन्द्रों में 921 किसानों से 10 करोड़ 26 लाख 30 हजार 871 रुपए, परसाटोला सोसायटी में 589 किसानों से 6 करोड़ 43 लाख 48 हजार 867 रुपए, विचारपुर धान खरीदी केन्द्र में 577 किसानों से 7 करोड़ 48 लाख 4 हजार 505 रुपए का धान खरीदी की गई है। प्रबंधक संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार सभी धान उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी गाईड लाइन के अनुसार की जा रही है। धान का उठाव नियमित नहीं होने से केन्द्रों को समस्याएं आ रही है। वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news