मोहला मानपुर चौकी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबागढ़ चौकी, 17 जनवरी। अयोध्या में 22 जनवरी को भगवान रामलला का एवं अंबागढ चौकी में भगवान हनुमन्त महाराज की प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर नगर में यु़द्ध स्तर पर तैयारियां चल रही है। भगवान महावीर मंदिर न्यास समिति एवं नगरवासियों द्वारा पूरे नगर को भगवान श्रीराम एवं भगवान हनुमान महाराज के चित्रो एवं भगवा ध्वज पताका से दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। मंदिर निर्माण ट्रस्ट एवं श्रीराम व श्री हनुमन्त भक्त इस आयोजन से समूचे शहरवासियों को घर घर आमंत्रण पत्र बांट रहे हैं।
नगर में भगवान श्रीरामलला एवं भगवान श्री हनुमन्त महाराज के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर विषेश उत्साह है। श्रीराम भक्त एवं मंदिर निर्माण ट्रस्ट के सदस्य व पदाधिकारी इस आयोजन में नगरवासियो के साथ साथ पूरे क्षेत्रवासियों को जोडऩे नगर में कई तरह के धार्मिक आयोजन कर रहे है।
भगवान श्रीराम लला के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर नगर के हर घर एवं हर परिवार को अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमी स्थल में पूजित पीला चांवल, अक्षत एवं भगावन श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आमंत्रण पत्र बाटा जा रहा है। वहीं अंबागढ़ चौकी में 18 जनवरी से 23 जनवरी तक आयोजित श्रीराम कथा एवं भगवान श्री हनुमन्त महाराज का प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान का भी न्यौता दिया जा रहा है। जबकि नगर की मातृ शक्तियों को कलश यात्रा तथा 21 जनवरी को भगवान श्री हनुमन्त महाराज के नगर भ्रमण एवं शोभायात्रा को लेकर विषेश रूप से निमंत्रित किया जा रहा है।