मोहला मानपुर चौकी

डेढ़ माह में 11 सोसाइटियों से पौने 64 करोड़ की धान खरीदी
14-Dec-2022 3:00 PM
डेढ़ माह में 11 सोसाइटियों से पौने 64 करोड़ की धान खरीदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबागढ़ चौकी, 14 दिसंबर।
इस वर्ष एक नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ हुई है। ब्लॉक में इस वर्ष कुल 11 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी जारी है। अच्छी बारिश एवं फसल का बंपर पैदावार के चलते सभी खरीदी केंद्रों में रिकार्ड तोड़ धान खरीदी हो रही है। खरीदी के चलते अब तक पिछले डेढ़ माह में रिकार्ड 63 करोड़ 72 लाख 53 हजार की धान खरीदी हो चुकी है। धान खरीदी में ब्लॉक के लगभग 8 हजार किसान लाभान्वित हुए हैं। पिछली सरकार के समय चिल्हाटी, ढाढूटोला, आतरगांव, कौडीकसा, अंबागढ़ चौकी सोसायटी तथा दो उपार्जन केन्द्र आमाटोला, छछानपाहरी में धान खरीदी होती थी, लेकिन कांग्रेस सरकार आने के बाद दो वर्ष पूर्व धान उपार्जन केन्द्र आमाटोला व छछानपाहरी को पूर्णकालिक सोसाइटियों का दर्जा मिल गया है। जबकि ब्लॉक के विचारपुर को नवीन सोसायटी बनाया गया है। इनके अतिरिक्त परसाटोला, आडेझार व रेंगाकठेरा को नया धान उपार्जन केन्द्र बनाया गया है। बीते दो वर्ष से ब्लॉक में कुल 11 स्थानों में धान खरीदी की जा रही है। ब्लॉक में नए सोसायटियो व धान उपार्जन केन्द्र प्रारंभ किए जाने से इस क्षेत्र के किसानों में हर्ष व्याप्त है। किसानों का कहना है कि नए सोसायटी के निर्माण तथा नवीन उपार्जन केन्द्र खोले जाने से उनकी वर्षों पुरानी मांग साकार हो गई है। इससे उन्हें काफी सुविधाएं प्राप्त हो रही है।

सबसे अधिक ढाढूटोला व सबसे कम आड़ेझर में खरीदी
जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के शाखा प्रबंधक संतोष शर्मा ने बताया कि सबसे अधिक ढाढूटोला सोसायटी में 8 करोड 68 लाख तीन हजार की धान खरीदी हुई है। वहीं सबसे कम नवीन उपार्जन केन्द्र आडेझार में 3 करोड 87 लाख 79 हजार की धान खरीदी की गई है। अंबागढ चौकी सोसायटी हमेशा की तरह खरीदी के मामले में दूसरे क्रम में बना हुआ है। अंबागढ़ चौकी में सात करोड़ 99 लाख 14 हजार की धान खरीदी हुई है। प्रबंधक श्री शर्मा ने बताया कि आतरगांव में 4 करोड़ 11 लाख 48 हजार, छछानपाहरी में 6 करोड 83 लाख 91 हजार, कौडीकसा में 5  करोड 82 लाख 12 हजार तथा आमाटोला में पांच करोड़ 70 लाख 87 हजार, रेंगाकठेरा में 4 करोड़ 66 लाख 53 हजार, चिल्हाटी में 6 करोड 51 लाख 66 हजार, परसाटोला में 4 करोड़ 59 लाख 65 हजार एवं विचारपुर सोसायटी में  4 करोड़ 91 लाख 31 हजार की धान खरीदी की गई है।

लिकिंग में 18 करोड़ 51 लाख की धान खरीदी
पिछले डेढ माह में लिकिंग में 18 करोड़ 51 लाख 23 हजार 941 रुपए की धान खरीदी की गई है। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के शाखा प्रबंधक संतोष शर्मा ने बताया कि लिकिंग में सबसे अधिक ब्लॉक मुख्यालय की सोसायटी अंबागढ़ चौकी में 2 करोड़ 35 लाख 79 हजार व सबसे कम आडेझार में एक करोड़ 3094 हजार की धान खरीदी की गई है। उन्होंने बताया कि  आतरगांव में एक करोड 36 लाख 66 हजार, छछानपाहरी में दो करोड़ 25 लाख 18 हजार, कौड़ीकसा में एक करोड़ 79 लाख 18 हजार, ढाढुटोला में दो करोड़ 14 लाख 76 हजार, आमाटोला में एक करोड़ 52 लाख 10 हजार, रेंगाकठेारा में एक करोड़ 19 लाख 85 हजार, चिल्हाटी में एक करोड़ 79 लाख 70 हजार, परसाटोला में एक करोड़ 36 लाख 63 हजार एवं विचारपुर में एक करोड़ 40 लाख 71 हजार की धान खरीदी की गई है। प्रबंधक श्री शर्मा ने बताया कि ब्लॉक के सभी खरीदी केंद्र में इस बार रिकार्ड बन रहे हैं। सभी सोसायटियों में शासन के निर्देशानुसार धान खरीदी हो रही है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news