मोहला मानपुर चौकी

वेतन नहीं मिलने से नाराज निकाय कर्मी बेमुद्दत हड़ताल पर
20-Dec-2022 6:24 PM
वेतन नहीं मिलने से नाराज निकाय  कर्मी बेमुद्दत हड़ताल पर

नपं में कामकाज ठप, नागरिक परेशान, विभागों में तालाबंदी की नौबत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबागढ़ चौकी, 20 दिसंबर।
अक्टूबर-नवंबर माह का वेतन नहीं मिलने से नाराज नगरीय निकाय के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। नियमित कर्मचारियों के आंदोलन में जाने से नगर पंचायत की कार्यालयीन व्यवस्था पटरी से उतर गई है। हड़ताली कर्मचारी नगरीय प्रशासन विकास विभाग से हर माह नियमित वेतन भुगतान की मांग कर रहे हैं। 

नगर पंचायत के दो दर्जन कर्मचारी नगर पंचायत कार्यालय के सामने हड़ताल पर बैठ गए हैं। हड़ताली कर्मचारी नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन कर रहे हैं। 
नगरीय निकाय के स्वायत्तशसी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष भरत अग्रवाल, सचिव राजीव बारसागढे, कोषाध्यक्ष श्यामलाल यादव एवं अन्य कर्मचारी जलील अहमद रब्बानी, दशरथ शर्मा, मो. सोफू जिलानी, पीर खान, कविता तिवारी, कविता मंडावी, दीपक सलामे, सुरेन्द्र सिन्हा, मकबूल खान, रामसाय पटेल, निजामसाय पटेल, कृष्णा पटेल, दुर्गाबाई, अर्जुनलाल, रघुवेन्द्र खरे, लोकेश सलामे, रामकुमार देवागंन, दिलीप निषाद इत्यादि कर्मचारियों ने बताया कि  उन्हें अक्टूबर व नवंबर माह का वेतन नहीं मिला है।

कर्मचारियों की शिकायत है कि उन्हें पिछले एक वर्ष से हर माह नियमित वेतन नहीं मिल रहा है। समय पर एवं हर माह वेतन नहीं मिलने से वे कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर पंचायत के कर्मचारी सुबह 10 से शाम 5 बजे तक कार्यालय के सामने पंडाल लगाकर हड़ताल पर रहे।

नगर पंचायत के हड़ताली कर्मचारियों ने बताया कि वे पिछले एक-दो वर्ष से नियमित वेतन नहीं मिलने से खासे परेशान हैं। उन्होंने बताया कि वेतन के भरोसे अपना गुजारा चलाने वाले कर्मचारी समय एवं हर माह वेतन नही ंमिलने से कई तरह की परेशानियों का सामना कर रहे हैं। 

कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें पिछले साल-डेढ़ वर्ष से नगर पंचायत में ऐसी स्थितियां निर्मित हो गई है कि तीन माह पूर्ण हो जाने के बाद उन्हें एक माह का वेतन मिलता है। जिससे वे पूरी तरह कर्ज में डूब गए हैं, क्योंकि हर माह वेतन नहीं मिलने से से किराना, सब्जी, दूध, दवाई, बच्चों की फीस व इलाज नहीं करा पा रहे है। 
सीएमओ दिलीप कुमार यदु ने कहा कि कर्मचारियों के हड़ताल से कार्यालय में रूटिन का कामकाज प्रभावित हुआ है। वेतन भुगतान के लिए शीर्ष कार्यालय से राशि की डिमांड की गई है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news