बेमेतरा

6 साल पहले खरीदे गए दमकल वाहन कंडम, प्रशासन बेखबर
25-Feb-2024 4:32 PM
6 साल पहले खरीदे गए दमकल वाहन कंडम, प्रशासन बेखबर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 25 फरवरी। 
आगजनी की दुर्घटना में होने वाले जान माल की क्षति से बचाव व सुरक्षा के लिए जिले के निकायों में उपलब्ध दमकल वाहन धूल फांकने का काम आ रहे हैं। जिले में आठ दमकल वाहन में से केवल दो वहान विकट स्थिति में उपलब्ध हो रहा है। बाकी 6 वाहन में से एक थाने में खड़ी हुई तो अन्य पांच खराब पड़ा हुआ है। जिले में आठ दमकल वाहन है जिसमें से केवल दो वहान की स्थिति ऐसी है कि आगजनी होने पर काम आ सकती है। नवागढ़ नगर पंचायत का दमकल वाहन नांदघाट थाना परिसर में खड़ी है। कागजी कार्रवाई के अभाव में उक्त वाहन को अब तक नगर पंचायत को सुपुर्दगी की कार्रवाई लंबित है।

जानकारी हो जिला प्रशासन ने 2017-18 के दौरान लगभग पौने दो करोड़ की बजट से पांच दमकल वाहन खरीदे गए। जिले जिसे 8 जनवरी 2018 को निकायों को सौंपा गया था। तब नगर पंचायत थान खम्मरिया को एक दमकल वाहन, मारों को एक, इसी तरह बेरला, परपोड़ी साजा नगर पंचायत को एक-एक वाहन सौपा गया था। इसके अलावा एक वाहन बेमेतरा नगर पालिका को दिया गया था। नगर पालिका दमकल वाहन द्वारा उक्त वाहन को जिला नगर सेनानी को सौंप दिया गया था। सभी दमकल वाहन के मरम्मत, डीजल व अन्य ब्यय की जिम्मेदारी नगरी निकायों को सौंपा गया था।

6 जनवरी को हुआ था
करोड़ों का नुकसान

जिला मुख्यालय से 15 किमी दूर ग्राम कठिया में के बांस फैक्ट्री में रात में आगजनी की दुर्घटना के दौरान जिले में दमकल वाहनों की कमी भारी पड़ा था। हालात को देखते हुए नगर सेनानी का दो दमकल वाहन उपलब्ध कराया गया था। इसके अलावा बेरला, नवागढ़, मारो, साजा , थानखम्मरिया व परपोड़ी का दमकल खराब होने या अन्य वजह से उपलब्ध नहीं हो पाया था। इसके पहले भी जिला मुख्यालय में आग लगने के दो मामले हो चुके हैं। तब भी वाहनों की कमी सामने आई थी।

बेरला में दमकल के
वाहन चालक नहीं

बेरला नगर पंचायत में उपलब्ध दमकल वाहन के लिए चालक ही नहीं है और वहान कंडम हो रही है। आपात स्थिति में बाहर से वहान बुलाया जाता है। सीएमओ विनिस दुबे ने बताया कि वहान को हम जिला सेनानी टीम को सपना चाहते हैं। निकाय में इसके लिए व्यवस्था नहीं हो पा रहा है। इसी तरह साजा में वहान है वहान है पर यहां भी चलाने वालों की कमी है। परपोड़ी नगर पंचायत का दमकल वाहन बीते 5 माह से खराब पड़ा हुआ है। वहान को मरम्मत कराने के लिए बेमेतरा या रायपुर ले जाने के लिए भी चालक की व्यवस्था नहीं होने की वजह से परिसर में रखी हुई है। थानखम्हरिया का दमकल वाहन भी महीनों से खराब है। सभी निकायों में आग लगने या वीआईपी ड्यूटी के दौरान जिला नगर सेनानी से वाहन मंगाया जाता है।

जिला नगर सेनानी पर काम
का अधिक दबाव

बताना होगा जिला नगर सेनानी के पास आग पर काबू पाने के लिए दो दमकल वाहन उपलब्ध है, जिस पर पूरे जिले की निर्भरता है। जिला नगर सेनानी कार्यालय की ओर से मिली जानकारी के अनुसार दमकल वाहन के लिए दमकल कर्मी की कमी है, दो वाहन को शिफ्ट पर चलना पड़ता है। पूरे जिले में दो ही वाहन उपलब्ध है। बताया गया कि बीते सत्र से लेकर अब तक जिला सेनानी द्वारा आग लगने के 127 घटना में मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया गया है। आमतौर पर गर्मी के दिनों मे अधिक आग लगने की घटना अधिक होने का खतरा बना रहता है।

नवागढ़ का वाहन थाने में जब्त तो मारो का दमखल के लिए फंड नहीं
नवागढ़ ब्लाक के दोनों निकायों को दमकल वाहन उपलब्ध कराया गया है। नवागढ़ नगर पंचायत का दमकल वाहन लंबे अर्से से नांदघाट थाना में दुर्घटना में एक मामले में जब्त होने के बाद से खड़ा कर दिया गया है। बताया गया कि आवश्यक दस्तावेज की कमी की वजह से वहान के सुपुर्दगी नहीं हो पाई है। मारो नगर पंचायत का वाहन खराब पड़ा हुआ है। मारो नगर पंचायत के आर्थिक तंगी की वजह से वहान का मरम्मत नहीं कराया जा सका है। जानकार मानते हैं कि दोनों वहान के उपलब्ध नहीं होने पर आगजनिक की दुर्घटना के दौरान बेमेतरा जिला मुख्यालय से दमकल वाहन बुलाना पड़ता है। हालत ये होती है वहान जब तक मौके पर पहुंच पाती है तब तक आग से नुकसान हो चुका होता है।

आगजनी की घटनाओं का ब्यौरा जिला प्रशासन के पास नहीं
जिले में बीते सत्र के दौरान राहत के लिए राजस्व पुस्तिका 64 के तहत लोगों को सहायता राशि उपलब्ध कराए गए प्रकरणों की जानकारी जिला राहत शाखा में भी उपलब्ध नहीं है। बहरहाल आपदा प्रबंधन के लिए जरूरी फायर ब्रिगेड वहान के नाम पर करोड़ों का खर्च किया गया है, पर सतत संचालन के लिए जरूरी मैन पावर व संधारण के लिए फंड का नहीं होना भारी पड़ रहा है।
जानकारी जुटाना पड़ेगा - ॉ.बाजपेयी
जिला प्रशासन के प्रमुख अधिकारी अपर कलेक्टर डॉ. अनिल बाजपेयी ने बताया कि जिले में दमकल वाहनों की स्थिति की जानकारी संबंधित निकायों से जुटाना पड़ेगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news