बेमेतरा

बघेल को मिली जीत, जिले में 1.11 लाख मतों से अधिक की लीड, कांग्रेस पहले राउंड से ही पिछड़ी
05-Jun-2024 2:13 PM
बघेल को मिली जीत, जिले में 1.11 लाख मतों से अधिक की लीड, कांग्रेस पहले राउंड से ही पिछड़ी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 5 जून। दुर्ग लोकसभा के लिए हुए चुनाव के मतों की गणना जिले में मंगलवार को कृषि उपज मंडी में हुई। जिले के तीन विधानसभा साजा, बेमेतरा और नवागढ़ में पड़े मतों की गिनती मंगलवार को सुबह 8 बजे से शुरु हुई। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की गई। उसके बाद ईवीएम खोले गए। पहले राउंड से ही बीजेपी के प्रत्याशी विजय बघेल को लीड मिलनी शुरु हो गई, जो अंतिम राउंड तक जारी रही। जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा ने 1 लाख 11 हजार से अधिक मत की लीड प्राप्त की।

भाजपा के विजय बघेल ने साजा, बेेमेतरा व नवागढ़ विधानसभा के मतों की गणना के दौरान सभी 64 राउंड की गणना के दौरान कांग्रेस के राजेन्द्र साहू को बढ़त पाने का मौका ही नहीं दिया। जिले के किसी भी विधानसभा में कांग्रेस 75 हजार का आंकडा तक पार नहीं कर सकी। वहीं तीनों विधानसभा में भाजपा ने 1 लाख 10 हजार से अधिक मत प्राप्त किए।

बेमेतरा विधानसभा में मिले सर्वाधिक मत

जिले के बेमेतरा विधानसभा में भाजपा को साजा व नवागढ़ विधानसभा की अपेक्षा अधिक मत प्राप्त हुए। बेमेतरा विधानसभा में भाजपा को 115077 मत व कांग्रेस को 66339 मत प्राप्त हुए। इस विधानसभा से भाजपा ने 48738 की लीड प्राप्त की। नवागढ़ विधानसभा में भाजपा को 111912 मत प्राप्त हुए। वहीं कांग्रेस को 71412 मत मिले। नवागढ़ विधानसभा से बीजेपी को 39467 की बढ़त मिली। साजा विधानसभा में भाजपा को 111215 मत व कांग्रेस को 74750 मत प्राप्त हुए। भाजपा को 36465 मतों की बढ़त मिली। तीनों विधानसभा में सबसे कम लीड साजा विधानसभा से भाजपा को मिली।

विधानसभा चुनाव के बाद की खाई पाट नहीं पाई कांग्रेस

गत विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को तीनों सीट साजा, बेमेतरा व नवागढ़ खोना पड़ा था। तब कांग्रेस ने साजा विधानसभा से 5527, बेमेतरा विधानसभा से 9638 मत और नवागढ़ विधानसभा में 14383 मत से हार मिली थी। विधानसभा चुनाव को हुए 6 माह का समय भी नहीं बीत पाया है कि भाजपा और कांग्रेस के मिले मतों का अंतर खाई में बदलते जा रहा है। ज्ञात हो कि पिछले लोकसभा चुनाव में भी लगभग यही ट्रेंड रहा, जब तीन विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को चुनाव में लीड मिली।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर मनाई खुशी, की गई आतिशबाजी

भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुरुआती रुझानों से ही बढ़त पाने के साथ ही अपनी खुशी मनानी शुुरु कर दी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि उन्हें पहले से ही विश्वास था कि बीजेपी प्रत्याशी विजय बघेल बंपर वोट से जीत दर्ज करेंगे। कृषि उपज मंडी के बाहर का नजारा भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए होली और दिवाली जैसा रहा। कार्यकर्ता खुशी में झूमते रहे और आतिशबाजी कर पटाखे फोडऩे लगे। वहीं एक-दूसरे को मिठाई भी खिलाते दिखाई दिए। वहीं कांग्रेसी खेमा मायूस रहा। पहले राउंड से कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र साहू पिछड़ते चले गए। उन्हें आगे बढऩे का मौका ही नहीं मिला।

सांसद बघेल की ऐयतिहासिक जीत पर भाजपाईयों ने मनाया जश्न

दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद प्रत्याशी विजय बघेल एवं केंद्र में तीसरी बार एनडीए भाजपा की ऐतिहासिक जीत का कार्यकर्ताओं ने शहर के सिग्नल चौक पर आतिशबाजी का कर जश्न मनाया। भाजपा के विजय बघेल 5 लाख के भारी भरकम जीत की खुशी में ढोल नगाड़ों पटाखे फोड़ कर मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। नेता कार्यकर्ता रैली निकाले व पुराना बस स्टैंड में जश्न मनाया।

जिसमें प्रमुख रूप से पूर्व विधायक अवधेश चंदेल, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, नरेंद्र वर्मा जिला महामंत्री, मण्डल अध्यक्ष मोंटी साहू, विकास तम्बोली, राजेश शर्मा, जितेन्द्र साहू, कमलेश वर्मा, राजू देवांगन, ओमप्रकाश सलूजा, रेवाराम निषाद, नीलू ठाकुर, दीपक मोटवानी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इसलिए हारे राजेन्द्र

लोकसभा में साढ़े 4 लाख से ज्यादा साहू समाज के वोटर्स है। कांग्रेस पूर्व में इसी जातीय समीकरण के बूते लोकसभा का चुनाव जीत चुकी है। इसी को देखते हुए साहू समाज से प्रत्याशी उतारा गया। लेकिन वोटर्स इसबार लामबंद नहीं हो पाए। भाजपा साहू समाज ने अपने परम्परागत वोट को बचाने में सफल रही।

इसलिए जीते विजय

भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी का शहरी व युवा मतदाताओं में खासा प्रभाव माना जाता है। प्रदेश में छ: माह पहले सत्ता सम्हालने के बाद भाजपा ने घोषणाएं पूरी करनी शुरू कर दी। इसका भी असर चुनाव पर दिखा।  खासकर महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता के रूप में एक हजार रुपए प्रतिमाह दिया जा रहा है। विजय बघेल ने ही इस योजना की रूपरेखा बनाई थी। साथ ही भाजपा प्रत्याशी के मजबूत प्रबंधन के चलते विरोधी खेमा के नेता नुकशान पहुचने वाला काम नही कर पाए। चुनाव प्रचार व बूथ प्रबंधन में भी भाजपा प्रत्यासी कांग्रेस से काफी आगे रहे। इसका भी असर चुनाव परिणाम में हुआ।

बृजमोहन व विजय बघेल को योगेश ने जीत पर दी बधाई

बेमेतरा, 5 जून। सर्व हिन्दू संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी ने दुर्ग लोकसभा प्रत्याशी विजय बघेल और बृजमोहन अग्रवाल ने मुलाकात कर दूसरी बार ऐतिहासिक जीत दर्ज करने पर बधाई दी।

इस अवसर पर योगेश तिवारी ने कहा कि मोदी सरकार की गारंटी का और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का नेतृत्व का परिणाम है कि छत्तीसगढ़ लोकसभा चुनाव में 11 में से 10 सीटों पर जीत दर्ज की ओर अग्रसर है। सांसद विजय बघेल ने एक बार फिर लंबे अंतर से अपने प्रतिद्वंदी राजेंद्र साहू को हराने में सफलता पाई है।

इसी प्रकार रायपुर प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की है। बृजमोहन अग्रवाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी विकास उपाध्याय को ऐतिहासिक मतों से हराकर विजय की ओर अग्रसर हो रहे हैं और आने वाले समय फिर से एक बार भाजपा एनडीए की सरकार बनने जा रही है, उसके लिये सभी प्रदेशवासियों को बधाई दी है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news