बेमेतरा

सेजेस में प्रवेश को लेकर पैसों का खेल, 172 अतिरिक्त सीटों पर बच्चों की भर्ती, जनप्रतिनिधि बना रहे दबाव
12-Jun-2024 4:28 PM
सेजेस में प्रवेश को लेकर पैसों का खेल, 172 अतिरिक्त सीटों पर बच्चों की भर्ती, जनप्रतिनिधि बना रहे दबाव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 12 जून।
स्वामी आत्मानंद स्कूल में बच्चों की भर्ती को लेकर जनप्रतिनिधियों के द्वारा स्कूल प्रबंधन पर दबाव बनाया जा रहा है। जबकि स्कूल में एलकेजी से लेकर कक्षा दसवीं तक स्वीकृत 750 सीट के विरुद्ध 922 बच्चे स्कूल में अध्यनरत है। बावजूद भाजपा व कांग्रेस के जनप्रतिनिधि अपने लोगों की भर्ती के लिए प्रबंधन पर दबाव बना रहे हैं। स्पष्ट है कि स्वामी आत्मानंद स्कूल में बच्चों की भर्ती को लेकर पैसों का बड़ा खेल चल रहा है।
बीते साल भी लाखों रुपए का लेन-देन हुआ था। प्रबंधन में नाराजगी है कि स्कूल में सुविधाओं के विस्तार को लेकर कोई कार्य नहीं किया जा रहा है। स्कूल में निर्माणधीन बिल्डिंग का निर्माण लंबे समय से रुका हुआ है। इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जबकि सभी इससे अवगत है।

डेढ़ सौ से अधिक बच्चों की भर्ती को लेकर प्रबंधन को मिली सूची  
प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार डेढ़ सौ से अधिक बच्चों की सिफारिश भर्ती होने को लेकर पहुंची है। इसमें सबसे अधिक करीब 100 बच्चे सत्ता पक्ष, 30 बच्चे विपक्ष, 20 बच्चे दूसरे सेजेस स्कूल से ट्रांसफर होकर भर्ती के लिए आवेदन किया है। इसके अलावा व्यक्तिगत तौर पर पालकों ने भी आवेदन किया है।

भर्ती करने रोजाना फोन लगाकर दबाव बना रहे जनप्रतिनिधि
प्रबंधन ने बताया कि बच्चों की भर्ती को लेकर रोजाना संबंधित जनप्रतिनिधियों के फोन आ रहे हैं। जो हर कीमत पर सौंपी गई सूची शामिल बच्चों को भर्ती लेने का दबाव बना रहे हैं। बार-बार मना करने के बावजूद जनप्रतिनिधि मानने को तैयार नहीं है। प्राचार्य सुदेश चटर्जी के अनुसार कलेक्टर से मुलाकात कर इस समस्या का हल निकालने क प्रयास किया जाएगा।
 

5 विषयों में खेल, छात्रा
को दसवीं में प्रमोट
करने बनाया दबाव

जानकारी के अनुसार क्लास नाइन में पांच विषयों में फेल छात्र को दबाव बनाकर सप्लीमेंट्री परीक्षा दिलाई गई। बावजूद संबंधित छात्रा फिर से पांचो विषय में फेल हो गई। अब उसे बच्ची को दसवीं में प्रमोट करने का दबाव बनाया जा रहा है। जो पूरी तरह से गलत है। गौरतलब हो कि दो विषयों में फेल होने पर सप्लीमेंट्री परीक्षा दिलाई जाती है यहां पांच विषयों में फेल होने के बावजूद परीक्षा दिलाई गई।

स्कूल में शिक्षकों का अभाव आधे से अधिक पद रिक्त
स्कूल में शिक्षकों का अभाव बना हुआ है। जिसमें हिंदी संस्कृत के आठ पद रिक्त हैं। इसी प्रकार प्रतिनियुक्ति के 10 पद भी रिक्त हैं। फिलहाल दूसरे विभाग के शिक्षकों से काम चलाया जा रहा है। स्कूल में कुल 24 पद स्वीकृत है। जिसमें प्राचार्य, उप प्राचार्य, व्यायाता हिंदी, व्यायाता अंग्रेजी, संस्कृत, रसायन, भौतिक, भूगोल, अर्थशास्त्र, गणित, जीव विज्ञान, वाणिज्य, सामाजिक विज्ञान, गृह विज्ञान, कृषि, व्यायाम शिक्षक, प्रयोगशाला सहायक, हिंदी शिक्षक, अंग्रेजी शिक्षक, विज्ञान का 1- 1 पद पद शामिल है।

दो पाली में लग रही स्कूल, 922 बच्चे अध्ययनरत  
स्कूल में दो पाली में कक्षाएं लग रही हैं। स्कूल में अध्ययन के लिए कुल 10 कमरे हैं और छात्रों की संख्या 922 है। ऐसी स्थिति में स्कूल दो पाली में लग रहा है। वहीं जगह का अभाव होने के कारण बच्चे जमीन पर बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं। दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि यहां भी जनप्रतिनिधि बच्चों को भर्ती लेकर जमीन पर बैठाने की बात कर रहे हैं। व्यवस्था में सुधार करने की बजाय मनमानी करने पर उतारू है।
प्राचार्या सेजेस सुदेश चटर्जी ने कहा कि बच्चों को भर्ती लेने प्रबंधन पर भारी दबाव है। जनप्रतिनिधि अपनी सूची के बच्चों की भर्ती स्कूल में चाह रहे हैं। वर्तमान में हर स्तर पर व्यवस्था दुरुस्त नहीं है। इसलिए इस संबंध में कलेक्टर से चर्चा की जाएगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news