राजनांदगांव

छत्तीसगढ़ संस्कृति को आगे बढ़ाना, विकास का पैमाना-ताम्रध्वज
07-Feb-2021 5:11 PM
छत्तीसगढ़ संस्कृति को आगे बढ़ाना, विकास का पैमाना-ताम्रध्वज

29 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 फरवरी।
लोक निर्माण व धर्मस्व पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू तथा जिले के प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर ने शनिवार को ग्राम इरईकला में 29 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। 

इस अवसर पर 13 लाख 20 हजार रुपए की लागत से निर्मित पशु औषधालय, 9 लाख 30 हजार रुपए की लागत से निर्मित 100 मीट्रिक टन खाद्य गोदाम भवन तथा 6 लाख 50 हजार रुपए की लागत से निर्मित महिला भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने शिव मंदिर निर्माण एवं आंगनबाड़ी केन्द्र क्र. 3 भवन निर्माण के लिए भूमिपूजन किया। उन्होंने कार्यक्रम में तालाब के सौंदर्यीकरण नाली निर्माण तथा 10 लाख रुपए की सीसी रोड निर्माण की घोषणा की। 

इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री श्री साहू ने कहा कि हमारे विकास का पैमाना छत्तीसगढ़ में छत्तीसगढिय़ा राज है और छत्तीसगढ़ की संस्कृति को आगे बढ़ाना छत्तीसगढ़ के विकास का पैमाना है। इसकी शुरूआत राजिम माघ पुन्नी मेला से किया है। पहले इसे राजिम कुंभ मेला के नाम से जाना जाता था। छत्तीसगढ़ की संस्कृति को बढ़ाने के लिए तीजा, पोला, हरेली, आदिवासी दिवस, करमा जयंती जैसे त्यौहारों को बढ़ावा दिया गया। छत्तीसगढ़ के स्थानीय खेल भौंरा, गिल्ली डंडा, गेड़ी को पहचान दिलाने का काम शासन कर ही है। छत्तीसगढ़ के लोक व्यंजन फरा, चीला, अइरसा जैसे पकवान की पहचान देश के विभिन्न राज्यों तक पहुंची है।

 उन्होंंने कहा कि शासन द्वारा प्रदेश में विभिन्न विकास कार्यों में छत्तीसगढिय़ा की भूमिका बढ़ी है। जिससे अब छत्तीसगढिय़ा सबले बढिय़ा की सार्थकता सिद्ध हो रही है। गोधन न्याय योजना के माध्यम से गोबर की खरीदी की जा रही है। इससे लोगों की आमदनी हो रही है और अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति कर रहे हंै। गौठानों को उद्योग केन्द्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां महिला स्वसहायता समूह द्वारा मुर्गी पालन, बकरी पालन, मशरूम उत्पाद के साथ विभिन्न आर्थिक गतिविधियां संचालित हो रही है। शासन द्वारा गरीब, मजदूर के बच्चों की अंग्रेजी में शिक्षा के लिए अंग्रेजी माध्यम स्कूल प्रारंभ किए गए हैं।

जिले के प्रभारी मंत्री श्री अकबर ने कहा कि शासन द्वारा धान खरीदी, ऋण माफी, सभी के लिए राशन कार्ड बनाने जैसे विभिन्न कार्य किए गए हैं। कर्ज माफी से किसान लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि शासन ने राशन कार्ड बनाने की योजना आरंभ की है। जिसमें हर वर्ग के परिवारों का राशन कार्ड बनाया जा रहा है। जिनका अभी तक राशन कार्ड नहीं बना है, वे आवेदन कर अपना राशन कार्ड बनवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष धान विक्रय के लिए 16 लाख किसान पंजीकृत थे, इस वर्ष 21 लाख किसानों का पंजीयन हुआ है। अंत्यावसायी वित्त निगम के अध्यक्ष धनेश पाटिला ने कहा कि शासन द्वारा लगातार विकास का कार्य किया जा रहा है। किसानों के विकास के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाएं बनाई गई हैं, जिनका लाभ किसानों को मिल रहा है।

इस अवसर पर छग अनुसूचित जाति प्राधिकरण अध्यक्ष भुनेश्वर बघेल, अंत्यावसायी वित्त निगम अध्यक्ष धनेश पाटिला, राजगामी संपदा न्यास अध्यक्ष विवेक वासनिक, सरपंच तुलसी साहू, कलेक्टर टीके वर्मा, एसपी डी.श्रवण एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी उपस्थित थे।

कबीर सत्संग समारोह में हुए शामिल
संत सद्गुरू ज्ञान साहेब एवं संत श्री यतीन्द्र साहेब कबीर सत्संग त्रि-दिवसीय समारोह ग्राम इरईकला विकासखंड राजनांदगांव में मंत्री श्री साहू तथा प्रभारी मंत्री श्री अकबर शामिल हुए। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news