राजपथ - जनपथ

राजपथ-जनपथ : सिर्फ अवार्ड से बात नहीं बन रही
28-Jan-2024 4:44 PM
राजपथ-जनपथ : सिर्फ अवार्ड से बात नहीं बन रही

सिर्फ अवार्ड से बात नहीं बन रही

छत्तीसगढ़ के चार बच्चों मास्टर अर्णव सिंह, ओम उपाध्याय, प्रेमचंद साहू और लोकेश कुमार साहू को गणतंत्र दिवस पर उनकी अदम्य वीरता के लिए सम्मानित किया गया। इनमें कृपाल नगर, भिलाई के 16 वर्षीय ओम भी शामिल है, जिन्होंने छोटे-छोटे बच्चों को खौफनाक कुत्तों के हमले से बचाया था। खास बात यह है कि ओम विशेष श्रेणी का किशोर हैं। बचपन से ही वह बोल-सुन नहीं पाता। ओम को सन् 2011 में राज्य सरकार की बाल श्रवण योजना से एक को-क्लियर इंप्लांट किया गया था, जिससे उसकी श्रवण क्षमता काफी हद तक लौट आई थी। मगर बीते चार सालों से यह मशीन खराब हो गई है। ओम खूब पढऩा चाहता है। वह बड़ा होकर सेना में भर्ती होना और देश की सेवा करना चाहता है। मगर, गरीबी रेखा के नीचे आने वाले उसके पिता सुधीर के पास नई मशीन खरीदने के पैसे नहीं है। नई मशीन इंप्लांट करने का खर्च करीब 6 लाख रुपए है। सुधीर सीएम हाउस में बीते 5 सालों के भीतर कई बार आवेदन लगा चुके हैं। उसे एक बार और मदद की जरूरत है ताकि इस वीर ओम का हौसला ना टूटे।

सिंहदेव के लिए मौका

लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए हुई स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक के दौरान प्रस्ताव रखा गया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को राजनांदगांव से चुनाव लड़ाया जाए। मगर उन्होंने इससे मना कर दिया और कहा कि वे प्रदेश भर में घूम-घूम कर कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करना चाहते हैं। लोकसभा हो या विधानसभा चुनाव में अनुभवी और कद्दावर नेताओं को उतारने से जीत की संभावना बढ़ जाती है। विधानसभा चुनाव में सांसदों को उतार कर भाजपा ने ऐसा सफल प्रयोग किया। इसी को ध्यान में रखते हुए संभवत: मोहम्मद अकबर ने बघेल का नाम सामने किया। विधानसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन और लोकसभा चुनाव की घोषणा के ठीक पहले राम मय माहौल भाजपा के पक्ष में है। ऐसी स्थिति में कांग्रेस से चुनाव लडऩा भी एक बड़ी चुनौती को स्वीकार करना होगा।

राज्य की कांग्रेस सरकार के ढाई साल पूरा होते ही पूर्व उप-मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने अपने आपको प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में पेश करना शुरू कर दिया था। इसमें कोई दो राय नहीं कि बघेल की तरह उनका भी कद बड़ा है और वे भी प्रदेश की किसी भी सीट पर चुनाव लडऩे की काबिलियत रखते हैं। मौजूदा हालत में कांग्रेस से जो भी प्रदेश स्तरीय नेता लोकसभा चुनाव में जीत हासिल कर लेगा, उसकी प्रदेश और केंद्रीय राजनीति में कद अपने आप बड़ा हो जाएगा। बघेल के बाद सिंहदेव ही ऐसे नेता हैं, जिनके लोकसभा लडऩे का फैसला प्रदेश के कांग्रेसियों का उत्साह बढ़ा सकता है। मगर अब तक उनका नाम किसी ने सुझाया नहीं है। देखना होगा कि क्या खुद सिंहदेव ऐसी किसी लड़ाई के लिए खुद को तैयार करेंगे?

इलेक्ट्रिक गाडिय़ों में सुरक्षा

इस समय इलेक्ट्रिक बाइक और कारों का क्रेज बढ़ रहा है। इसके बावजूद कि इसकी कीमत पेट्रोल गाडिय़ों से काफी अधिक है। इस समय दुपहिया वाहनों की इतने अधिक ब्रांड बाजार में उतर चुके हैं कि ग्राहक तय नहीं कर पाते कि किसे ले। कोई बाइक सुरक्षा के मापदंडों पर वह खरा है भी या नहीं, इसका भी पता नहीं चलता। 

मगर, यह एक वोल्वो कार है जिसकी कीमत 60 लाख रुपए से अधिक है। महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र के जगदीशपुर ओवर ब्रिज के पास अचानक इसमें से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में पूरी की पूरी लपटों से घिरकर खाक हो गई। वजह क्या रही होगी? गाड़ी मालिक का कहना है कि वोल्वो जैसी विश्वसनीय कंपनी और उसकी इतनी महंगी गाड़ी का भी भरोसा नहीं। यह तो शुक्र है कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। ([email protected])

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news