राजपथ - जनपथ

राजपथ-जनपथ : तबादले और चर्चा
02-Aug-2024 3:48 PM
राजपथ-जनपथ : तबादले और चर्चा

तबादले और चर्चा 

आईएएस अफसरों के तबादलों की एक बड़ी लिस्ट गुरुवार को जारी हुई। इसमें दो महिला अफसरों की पोस्टिंग की खूब चर्चा हो रही है। शारदा वर्मा को वित्त सचिव बनाया गया है। शारदा वर्मा पिछले चार साल से उच्च शिक्षा आयुक्त के पद पर थीं। उनके खिलाफ कई शिकायतें भी हुई थीं। सरकार बदलने के बाद उच्च शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने उनके खिलाफ जांच प्रस्तावित की थी, और विभाग से हटाने के लिए कहा था। मगर बृजमोहन के मंत्री पद छोडऩे के बाद शारदा वर्मा का प्रभार बदला गया। 

शारदा वर्मा को वित्त के साथ-साथ वाणिज्य कर सचिव का अतिरिक्त  प्रभार भी दिया गया है। इससे परे केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटने के बाद आईएएस की वर्ष-2003 बैच की अफसर ऋतु सैन को ओएसडी, सीएसआईडीसी दिल्ली में पदस्थ किया गया है। यह पद सिर्फ मनिंदर कौर द्विवेदी के लिए निर्मित किया गया था। उनके हटने के बाद पांच साल बाद किसी आईएएस की यहां पोस्टिंग हुई है। ऋतु सेन सीएस को रिपोर्ट करेंगी। 

इसी तरह बिलाईगढ़ एसडीएम रहे वासु जैन को महीने भर के भीतर हटाकर मंत्रालय में अंडर सेक्रेटरी बनाया गया था। वासु जैन राज्य बनने के बाद दूसरे आईएएस अफसर रहे हैं जिन्हें अंडर सेक्रेटरी बनाया गया था। उनकी साख अच्छी मानी जाती है। सरकार ने अब उन्हें नारायणपुर में एसडीएम बनाकर भेजा है। 

तबादले और चर्चा-2

सरकार ने महासमुंद, कोरिया, और बीजापुर कलेक्टर को बदला है। आईएएस की 2016 बैच की अफसर चंदन संजय त्रिपाठी को कोरिया, संबित मिश्रा को बीजापुर में पदस्थ किया गया है। दोनों ही पहली बार कलेक्टर बने हैं। 

बीजापुर कलेक्टर अनुराग पाण्डेय इसी महीने रिटायर होने वाले हैं। अनुराग ने पिछले 6 महीने में बेहतर काम दिखाया था। ये अलग बात है कि उन्हें मंत्रालय में विशेष सचिव बनाया गया है, और उन्हें फिलहाल कोई विभाग नहीं दिया गया है। इससे परे महादेव कांवरे, और नीलम एक्का को कमिश्नर बनाया गया है। पहले डॉ. संजय अलंग, रायपुर और बिलासपुर कमिश्नर के दोहरे प्रभार पद थे। दोनों ही कमिश्नरी में राजस्व प्रकरणों का अंबार लगा हुआ है। इसके जल्द निपटारे के लिए  दोनों ही जगहों पर कमिश्नर बनाया गया है। 

पुराने नेता के बेटे का हाल

बीती रात जिन 20 प्रशासनिक अधिकारियों का तबादला हुआ, उनमें सबसे ज्यादा चर्चा बीजापुर के कलेक्टर अनुराग पांडेय को हटाने की है। उन्हें मंत्रालय में विशेष सचिव बनाकर एक तरह से लूप लाइन में डाल दिया गया है। चार दिन पहले ही उनका स्थानीय भाजपा नेता अजय सिंह से फोन पर विवाद हुआ था, जो वायरल भी हो गया। ऑडियो की सत्यता पर सवाल इसलिए नहीं है, क्योंकि पांडेय ने खुद मान लिया है कि इसमें उनकी आवाज है। विवाद कोई टेंडर किसी व्यक्ति को नहीं मिलने का था। भाजपा नेता कह रहे हैं- 4 दिन नहीं लगेगा हटने में, चैलेंज करके देखो। कलेक्टर ने कहा- तेरी इतनी औकात है? है तो कर लेना। आगे और भी गर्मागर्मी में बात हुई। खास बात यह है कि अजय सिंह के खिलाफ 23 अपराधिक प्रकरण दर्ज है, और 2023 में जिला बदर की कार्रवाई की गई थी। अब कलेक्टर का तबादला हो गया है। यह सामान्य प्रशासनिक फेरबदल भी हो सकता है।

मगर, प्रदेश मे सरकार बदलने के बाद अलग तरह का बदलाव देखने को मिल रहा है। कांग्रेस सरकार के दिनों में मंत्री खुले आम कलेक्टरों को महाभ्रष्ट बताते रहे, विधायकों से एसपी, थानेदार और तहसीलदार उलझते रहे, मगर उनका बाल बांका नहीं होता था। यहां तो भाजपा कार्यकर्ता की हैसियत भी उनसे ऊपर नजर आ रही है। कांग्रेस सरकार के समय पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता पांच साल तक इसी बात का रोना रोते रहे कि उनकी कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अब बीजापुर की घटना से अफसरों को जरूरी संदेश चला गया है। भले ही तबादले की वजह कोई और हो।

अनुराग पांडेय वैसे अन्य सेवा संवर्ग से आईएएस बने। वे उद्योग विभाग के संयुक्त संचालक थे तब सन् 2009 में उन्हें अवार्ड मिला। डायरेक्ट आईएएस और बाद में पदोन्नत होकर आईएएस बनने वालों की स्थिति अलग-अलग होती है।

दूसरा परिचय और खास है। वे मध्यप्रदेश के जमाने में छत्तीसगढ़ के एक जनसंघ और भाजपा के एक बड़े नेता रहे स्व. मनहरण लाल पांडेय के बेटे हैं, जो कई बार विधायक,सांसद और मंत्री थे। वे उन नेताओं में शामिल थे, जिन्होंने भाजपा की जड़ें छत्तीसगढ़, विशेषकर बिलासपुर संभाग में मजबूत की। उनकी बहन हर्षिता पांडेय भी इस समय भाजपा की राजनीति में बेहद सक्रिय हैं। इसलिये यह बात थोड़ी अटपटी लग सकती है कि किसी भाजपा कार्यकर्ता की शिकायत पर उन्हें हटाया गया होगा।

बारिश की मस्ती

जमकर पानी गिर रहा है और फ्लाईओवर की नली शॉवर बन गई है। उस शॉवर में बच्चे झूम-झूम कर नहा रहे हैं। बच्चे हैं, इसलिये कोई टोक भी नहीं रहा कि सारे कपड़े क्यों उतार डाले। तस्वीर कोटा (राजस्थान) की है, जो सोशल मीडिया पर वायरल है। 

([email protected])

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news