कोरिया

आपसी लड़ाई में मोदी जी का नुकसान नहीं हो, इसका ध्यान रखें
29-Apr-2024 8:07 PM
आपसी लड़ाई में मोदी जी का नुकसान नहीं हो, इसका ध्यान रखें

   ख़ाली कुर्सियों पर सरोज पांडेय ने दी संगठन के लोगों को चेतावनी  
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
बैकुंठपुर (कोरिया),  29 अप्रैल।
कोरिया जिले के पटना में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कार्यक्रम में बड़ी मशक्कत के बाद हुई भीड़ ने भाजपा संगठन की लोकसभा चुनाव को लेकर बनाई जा रही रणनीति की पोल खोल दी है, भाजपा के शीर्ष नेतृत्व तक को इसकी जानकारी हो चुकी है।

 सूत्र बताते हंै कि संगठन के कामकाज को लेेकर मुख्यमंत्री श्री साय ने भी अपनी कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। वहीं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व कोरबा संसदीय सीट से लोकसभा प्रत्याशी सरोज पांडेय ने भी संगठन के लोगों को साफ इशारा कर दिया है, कि मोदी जी का नुकसान उनकी आपस की लड़ाई में नहीं होना चाहिए, इसका विशेष ध्यान रखें।

शनिवार का दिन पटना का बाजार का दिन होता है, जो जिले का सबसे बड़ा साप्ताहिक बाजार के रूप में जाना जाता है, इस दिन मुख्यमंत्री श्री साय की सभा का आयोजन किया गया। तय समय तक 75 फीसदी कुर्सियां खाली थी।

 मुख्यमंत्री के पटना में उतरने के आधे घंटे बाद वो मंच पर आए, तब तक भीड़ हो चुकी थी, दरअसल भाजपा कैडर आधारित पार्टी है, मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर आई भीड़ की जानकारी रायपुर से हर स्तर पर शीर्ष नेतृत्व ले रहा था, अलग-अलग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अपने स्तर पर सभा स्थल की फोटो की मांग कर रहे थे।

कार्यक्रम की सारी जानकारी मुख्यमंत्री के पहुंचने के पूर्व ही प्रदेश के नेताओं तक पहुंच चुकी थी, वहीं मुख्यमंत्री के आने के बाद संगठन के लोगों से बात की गयी।

 लोकसभा प्रत्याशी सरोज पांडेय भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं, उन्हें भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठ के कार्यों के तौर तरीके अच्छे से मालूम है।
 
सूत्र बताते हंै कि उन्होंने महिला मोर्चा और युवा मोर्चा की गतिविधियों की जानकारी मांगी, पूछा कि संसाधन अभी मुहैया क्यों नहीं कराए गए है, उन्होंने बारी-बारी से संगठन के हर स्तर के नेताओं से बात की और आगे बेहतर करने के लिए प्रोत्साहित भी किया।

सभी को किया चार्ज
वैसे प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहज और अपनी सरलता के लिए जाने जाते हंै, उन्हें जानने वाले बताते हंै कि उन्हें गुस्सा काफी कम ही आता है। परन्तु सूत्र बताते हंै कि कल पटना की जनसभा को लेकर वो काफी नाराज दिखे। सूत्र यह भी बताते हंै कि इससे पूर्व आचार संहिता लगने के ठीक एक दिन पहले मनेन्द्रगढ़ में एक अधिकारी की नियुक्ति को लेकर भी वो काफी नाराज हुए थे। वहीं सूत्रों की माने तो लोकसभा प्रत्याशी सरोज पांडेय ने भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को चार्ज किया, कहा कि अब वो कोरिया भाजपा को लेकर अलर्ट मोड में काम कर रही हंै। उन्होंने सभी को उनसे सीधे संपर्क में रहने को कहा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news