कोरिया

बारिश से फसल नुकसान का मुआवजा मांगने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
18-Jan-2022 5:00 PM
बारिश से फसल नुकसान का मुआवजा मांगने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
चिरमिरी, 18 जनवरी। 
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समय वृद्धि एवं असमय बारिश से फसल मुआवजा शीघ्र प्रदान करने व अन्य मांगों को लेकर भाजपा किसान मोर्चा छत्तीसगढ़ प्रदेशाध्यक्ष श्यामबिहारी जायसवाल के नेतृत्व में राज्यपाल के नाम ज्ञापन कलेक्टर कोरिया को सौपा गया।

भाजपा किसान मोर्चा ने ज्ञापन के माध्यम से मांग करते हुए कहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के द्वारा धान खरीदी एक माह विलंब से प्रारंभ किया गया। जिससे राज्य सरकार के किसानों के प्रति उदासीनता की वजह से प्रदेश भर के किसान परेशान हैं। शासन द्वारा धान खरीदी हेतु मात्र 2 माह दिसंबर और जनवरी की समय सीमा नियत की गई है। जिसमें गत 28-29 दिसंबर और जनवरी के दूसरे सप्ताह में बेमौसम बारिश होने के कारण खरीदी प्रभावित हो गई है। जिससे प्रदेश भर के लगभग एक तिहाई से ज्यादा किसान अभी तक अपनी उपज की बिक्री नहीं कर पाए हैं। चुंकि धान खरीदी हेतु समय बहुत कम मात्र 9 दिन बचा है, ऐसी स्थिति में किसानों को धान बिक्री के लिए परेशान होना वाजिब है और उससे परेशान होकर किसान अपने धान को औने-पौने दर पर विक्रय करने हेतु मजबूर हो रहे हैं। किसानों की परेशानियों को दृष्टिगत रखते हुए किसान मोर्चा ने राज्यपाल से मांग की है कि धान खरीदी की समय सीमा में एक माह की अतिरिक्त वृद्धि किए जाने हेतु सरकार को निर्देशित करने के साथ ही बेमौसम बारिश के कारण रबी फसलें चना, सरसों, लाख-लाखड़ी आदि को भारी नुकसान होने के कारण किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें व्याप्त हो गई है।

राज्य सरकार भू राजस्व संहिता की धारा (6-4) के तहत राज्य सरकार प्रभावित किसानों को मुआवजा दिए जाने की तत्काल घोषणा करे एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों के क्षति का आंकलन करा कर मुआवजा दिलाने का कार्य किया जाए। चालू रबी फसल के लिए किसानों को यूरिया, डीएपी, पोटाश जैसे खाद के लिए भटकना पड़ रहा है सभी खादों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का भी आग्रह किया गया है। इसके साथ ही ज्ञापन में कहा गया है कि शासन द्वारा निर्धारित धान खरीदी नीति के अनुसार उपार्जन केन्द्रों से धान का उठाव समयावधि में नहीं हो रहा है।

नियमानुसार बफर लिमिट से ज्यादा धान भंडारित होने पर 72 घंटे के अंदर परिवहन किए जाने की अनिवार्यता है। किंतु उसका पालन वर्तमान सरकार द्वारा विगत 3 वर्षो से नहीं किया जा रहा है। जिसके कारण भारी शोर्टेज आने से सहकारी समितियों की आर्थिक स्थिति दिन प्रति दिन कमजोर होती जा रही है। सरकार को धान खरीदी नीति के अनुसार धान का उठाव किए जाने हेतु निर्देशित करने की मांग की गई है। साथ ही कहा गया है कि उपरोक्त सभी मांग 10 दिवस के अंदर यदि राज्य सरकार पूर्ण नहीं करती है तो पूरे प्रदेश भर में भाजपा किसान मोर्चा पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करेगी।

इस दौरान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कोरिया जिला प्रभारी राकेश तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णबिहारी जायसवाल, किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री गोमती द्विवेदी, जिला महामंत्री जमुना पांडेय, कोषाध्यक्ष राहुल सिंह, जिला उपाध्यक्ष शैलेश शिवहरे, देवेंद्र तिवारी, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष विनोद साहू, अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ऋषि केशरी, व्यापार प्रकोष्ट प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजय मुरारका, जिला सोशल मीडिया प्रभारी जयेश तिवारी, मंडल अध्यक्ष भानुपाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष सुभाष साहू,  लक्ष्मण राजवाड़े, कुबेर साहू, अंकुर जैन, आशीष मजूमदार, नरेश्वर रजक सहित काफी संख्या में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओ के द्वारा ज्ञापन सौंपा गया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news