कोरिया

अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, मुख्य आरोपी सहित 3 गिरफ्तार
31-Jan-2022 6:04 PM
अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, मुख्य आरोपी सहित 3 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मनेन्द्रगढ़, 31 जनवरी। केल्हारी पुलिस ने दो सप्ताह पूर्व हुए युवक की हत्या की गुत्थी को सुलझाने में सफलता हासिल की है। पुलिस द्वारा मामले में मुख्य आरोपी और उसके 2 साथियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में सभी को जेल भेज दिया गया है।

22 जनवरी को मृतक के पिता 58 वर्षीय जबर सिंह गोंड़ निवासी रोकड़ा ने चौकीदार दिनेश पनिका एवं पंच विजय सिंह के साथ केल्हारी पुलिस थाने में उपस्थित होकर सूचना दी कि उसका लडक़ा जगबंधन सिंह, जगमोहन सिंह के साथ 16 जनवरी को 2 बजे साइकिल से अपनी जमीन का कागजात लेकर पटवारी को दिखाने के लिए धोंधाबहरा, रोकड़ा गया था, जिसके बाद वह लापता हो गया।

22 जनवरी को खोजबीन के दौरान ढेंगराबहरा बंधवा नाला मेंं जगबंधन सिंह का शव मृत अवस्था में पाया गया। उसकी साइकिल, झोला और कागजात उसके पैर के पास पड़ेे थे। रिपोर्ट पर थाना प्रभारी केल्हारी तेजनाथ सिंह के द्वारा मर्ग कायम कर घटना स्थल पहुंचकर शव का पंचनामा कार्रवाई पूरी की गई एवं शव को पीएम के लिए केल्हारी रवाना किया गया।

मृतक की पत्नी व धोंधाबहरा में जाकर ग्रामवासियों से पूंछताछ की गई। 25 जनवरी को डॉग स्क्वॉयड की मदद ली गई। डाग द्वारा मृतक का मूवमेंट उक्त मोहल्ले में बताया गया। 29 जनवरी को मृतक जगबंधन की पीएम रिपोर्ट आने पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया गया।

संदेही बदन सिंह, अर्जुन सिंह, लखन सिंह, सीताराम एवं जगमोहन सिंह को थाना लाकर पूंछताछ करने पर गवाहों के समक्ष बताया कि घटना दिवस 16 जनवरी को जगबंधन सिंह को खेत दिखाने ढ़ेगरा नाला ले गया था। इसके बाद दोनों घर आए, जहां दोनों ने शराब पिया। शराब पीने के बाद जगबंधन सिंह बदन सिंह से यह कहते हुए गाली-गलौज करने लगा कि उसे गलत जमीन दिखाया गया है। इससे बदन सिंह ने गुस्से में आकर डंडे से उसके सिर और सीने में प्रहार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को सीताराम के साथ मिलकर घसीटते हुए परछी के कोने में ले गया और पीले रंग के प्लास्टिक में ढंक दिए। अगले दिन 17 जनवरी को छेरता त्यौहार में लोगों का आना-जाना होने से घर पर रखे रहे। 18 और 19 जनवरी को पानी गिरने से उसके शव को नहीं फेंक पाए। इसके बाद 20 जनवरी को शव में बदबू आने से रात 11 से 12 बजे के बीच बजे मृतक के शव को सीढ़ी पर रखकर सीताराम एवं अर्जुन सिंह मृतक के साइकिल एवं झोला को लेकर ढेंगराबंधवा नाला में ले जाकर रख दिए।

पुलिस द्वारा घटना में प्रयोग किए गए डंडा, सीढ़ी एवं पीले कलर के प्लास्टिक को जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध  अपराध सबूत पाये जाने पर 30 जनवरी को आरोपी 70 वर्षीय बदनसिंह, 38 वर्षीय अर्जुन सिंह, 26 वर्षीय सीताराम सिंह निवासी  रोकड़ा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से न्यायिक अभिरक्षा में सभी को जेल भेज दिया गया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news