कोरिया

प्राणी और पर्यावरण को परमात्मा से जोडऩे ब्रह्माकुमारीज ने शुरू की कल्पतरू परियोजना
06-Jun-2022 7:34 PM
प्राणी और पर्यावरण को परमात्मा से जोडऩे  ब्रह्माकुमारीज ने शुरू की कल्पतरू परियोजना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 6 जून।
कल्पतरू नामक एक अनूठी परियोजना ब्रह्माकुमारीज द्वारा शुरू की जा रही है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक प्राणी और पर्यावरण को परमात्मा के साथ फिर से जोडक़र उन्हें सशक्त बनाना है। यह कार्यक्रम 50वें विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुरू होकर  25 अगस्त 2022 को समाप्त होगा जिसे दुनिया भर में ब्रह्माकुमारीज द्वारा यूनिवर्सल ब्रदरहुड डे के रूप में मनाया जाता है।

उक्त बातें 50वें विश्व पर्यावण दिवस पर ब्रह्माकुमारीज द्वारा प्रारंभ किए गए अनूठी परियोजना कल्पतरू के संदर्भ में जानकारी देते हुए ब्रह्माकुमारी माधुरी ने कही। उन्होंने कहा कि पर्यावण और आध्यात्म का बहुत गहरा संबंध है। आध्यात्मिकता हमें वास्तविकता की ओर ले जाकर प्रकृति और पुरुष (आत्मा) के गहरे संबंध का अनुभव कराती है। भारतीय संस्कृति पर्यावण के साथ बहुत नजदीक से जुड़ी हुई है। हमारी जीवन शैली सदा ही पर्यावणमित्र शैली रही है, लेकिन वर्तमान समय में प्रकृति व आध्यात्म का समन्वय बिगड़ गया है, जिसके फलस्वरूप प्रकृति के पांचों तत्वों का विध्वंसक रूप देखने को मिल रहा है। प्रकृति यह संदेश दे रही है की अब यह जागने का समय है। प्रकृति के साथ जुडक़र उसे देवतुल्य मानने की परंपरा को जीवित रखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अब हमें अपनी आदतों को परिवर्तित कर प्रकृति की रक्षा के लिए कुछ संकल्प लेना होगा।

एप पर होगी पौधों की देखभाल
परियोजना की विस्तृत जानकारी देते हुए उन्होंने बताया की ब्रह्माकुमारीज के हजारों केंद्रों के सहयोग से हम अपने संस्था की आध्यात्मिक, सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी पूरी कर सकेंगें।  हर सेवा केंद्र कम से कम 75 लोगों को पौधे लगाने को प्रेरित करेगा। इस प्रकार  40 लाख लोगों द्वारा 40 लाख से अधिक पौधे लगाने की योजना है। इस योजना की सफलता के लिए एक बहुत ही प्रभावशाली ऐप बनाया गया है। आप जो पौधा रोपित करेंगे उसे इस एप पर रजिस्टर्ड किया जाएगा। पौधों को सिर्फ रोपित ही नहीं किया जाएगा, उनकी पूरी तरह से देखभाल भी की जाएगी।

विधायक कमरो ने किया पौधारोपण
कार्यक्रम में सविप्रा उपाध्यक्ष विधायक गुलाब कमरो ने अपनी शुभकामनाएं दी एवं स्वयं एक पौधा लगाकर कल्पतरू एप पर रजिस्टर्ड करने का संकल्प किया। इस दौरान ब्रह्माकुमारी माधुरी ने बताया कि यदि  इस एप में आप अपना पौधा रजिस्टर्ड करते हैं तो आपको उस पौधे की संभाल से संबंधित सारी जानकारी नियमित रूप से प्राप्त होती रहेगी और सिर्फ पौधे से संबंधित ही नहीं आपकी आध्यात्मिक उन्नति के लिए भी नियमित ज्ञानवर्धक बातें कहानी, कोटेशन व कविता के रूप में प्राप्त होंगी, ताकि पौधों के साथ आपका भी आंतरिक विकास हो।

बच्चों ने लिया पौधा लगाने का संकल्प
वनमंडलाधिकारी मनेंद्रगढ़ लोकनाथ पटेल ने भी अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे कल्पतरू प्रोजेक्ट में अपना पूरा सहयोग देंगे। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल, जनपद अध्यक्ष डॉ. विनय शंकर सिंह एवं प्राचार्या इंद्रा सेंगर आदि उपस्थित अतिथियों ने भी पौधा रोपण किया। इस अवसर पर संस्था में द शायनिंग स्टार्स नामक ग्रुप के बच्चों ने एक-एक पौधा लगाने का संकल्प लिया।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news