कोरिया

गोंगपा 4 हजार क्विंटल में खरीदेगी धान
08-Nov-2023 3:12 PM
गोंगपा 4 हजार क्विंटल में खरीदेगी धान

किसानों को लुभाने कोई पीछे नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बैकुंठपुर (कोरिया), 8 नवंबर।
विधानसभा चुनाव 2023 को सिर्फ 8 दिन बचे हंै, कांग्रेस के घोषणा पत्र के बाद भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है, वहीं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने दोनों दल से आगे निकल कर 4000 रु. प्रति क्विंटल पर धान खरीदी करने की घोषणा कर दी है, जिससे चुनावी घमासान और रोचक हो गया है। दूसरी ओर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी शहरी वोटरों को अपने साथ लाने में उसे लगातार कामयाबी मिल रही है, जबकि आम आदमी पार्टी भी चुनावी घमासान में कमर कस कर मैदान में मुकाबला कर रही है।

 विधानसभा चुनाव के शुरूआती समय में सबसे पहले भाजपा ने अपना उम्मीदवार पूर्व मंत्री भइयालाल राजवाड़े के नाम की घोषणा की, जिसके बाद भाजपाई एकदम मैदान को एकतरफा मान कर अपनी जीत के दावे करने निकल गए। विधायक अंबिका सिंहदेव का नाम फाइनल होने पर भाजपा इस सीट को जीता हुआ मानने लगी, वहीं फिर भाजपा का घोषणा पत्र आया, जिसमें किसानों के लिए धान खरीदी का समर्थन मूल्य 3100 रु. था, उसके बाद कांग्रेस का घोषणा पत्र आया जिसमें कर्जा माफ के साथ धान का समर्थन मूल्य 3200 रु. आया।
 अब गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में 4000 प्रति क्विंटल में धान खरीदी करने की घोषणा की है। परन्तु तीनों के घोषणा में पत्र में कांग्रेस ने किसानों व स्वय सहायता समूह के कर्जा माफ की घोषणा ने सभी को हैरान कर रखा है। इसकी काट भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों के पास नहीं है, जिसके बाद कांग्रेस भाजपा से टक्कर में आ गई। अब दोनों के बीच मुकाबला टक्कर का हो चला है। गोंडवाना और आप भी इस लड़ाई में पीछे नहीं है।

प्रत्याशी पर प्रहार, कांग्रेस पर चुप्पी

भाजपा बीते 4 वर्षों से कांग्रेस को लेकर चुप्पी साधे हुए है, वो सिर्फ कांग्रेस की विधायक अंबिका सिंहदेव पर प्रहार करती आई है। कांग्रेस राज में हुए घोटालों पर भी भाजपा ने कोई खास विरोध नहीं किया, हर धरना प्रदर्षन में सिर्फ कांग्रेस की महिला विधायक निशाने पर रही। 

अब जारी चुनाव में भाजपा विधायक अंबिका सिंहदेव के क्षेत्र में नहीं जाने का आरोप लगा रही है कि वो लोगों की समस्या सुनने क्षेत्र में नजर नहीं आर्इं। इधर, कांग्रेस भाजपा का जवाब देने के बजाय मैदान में काम पर ध्यान दे रही है। दोनों दल रात दिन लोगों के बीच पहुंचने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।

शहरी वोटरों को लुभा रही गोंडवाना गणतंत्र पार्टी

भाजपा और कांग्रेस से नाराज पटना और बैकुंठपुर क्षेत्र से कुछ पदाधिकारियों ने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का हाथ थाम लिया है।  पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय कमरो बैकुंठपुर सीट से तीसरी बार मैदान में है, इस बार उन्होंने रणनीति बनाकर गांव के साथ शहरी वोटरों को अपने साथ लाने की कोशिश में जुटे हुए है। भाजपा और कांग्रेस के पदाधिकारी जो गोंगपा मे आकर पुरजोर तरीके से गोंगपा के प्रचार में बढ़-चढक़र हिस्सा ले रहे हंै।

आम आदमी पार्टी  भी मैदान में

आम आदमी पार्टी के डॉ आकाष जायसवाल भी शहरी क्षेत्र को प्रभावित करने में एढ़ी चोटी को जोर लगा रहे है, ग्रामीण क्षेत्र में उन्होने पहले की पैठ बना रखी है। आप एक मौका केजरीवाल को देने की बात कह रही है, अच्छी षिक्षा, स्वास्थ्य, अस्पताल, सडक़ मुफ्त किताबों के नाम पर वोट देने की मांग कर रहे है। आप के प्रत्याषी देर रात में ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार में जुटे है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news