कोरिया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 4 मार्च। श्री सिद्ध बाबा धाम में गुरुवार की सुबह हेलो मनेंद्रगढ़ फिट इंडिया की टीम ने पहुंच कर सफाई अभियान चलाया। सफाई अभियान में श्रीमद् भागवत कथा के प्रवचनकर्ता आचार्य श्रीकांत त्रिपाठी एवं उनकी सुपुत्री बाल विदुषी कु. शीघ्रता त्रिपाठी ने शामिल होकर टीम के सदस्यों का हौसला बढ़ाया।
आचार्य श्रीकांत त्रिपाठी ने कहा कि जिस तरह से तन की शुद्धि के लिए स्नान करना जरूरी है, अगर स्नान न किया जाए तो मन ठीक नहीं लगता है, उसी तरह धरती की सफाई करना अति आवश्यक है। धरती की शुद्धता के लिए सफाई अति महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हेलो मनेंद्रगढ़ की टीम के सदस्यों का यह सराहनीय पहल है। बाल विदुषी कुमारी शीघ्रता त्रिपाठी ने कहा कि साफ-सफाई हमारे जीवन में अति महत्वपूर्ण है, अगर सिद्ध बाबा धाम के पूरे पहाड़ की सफाई कर दी जाए तो यह बहुत बढिय़ा काम है।
हेलो मनेंद्रगढ़ के सदस्यों द्वारा चलाया गया सफाई अभियान कार्य अत्यंत सराहनीय है। आचार्य श्रीकांत त्रिपाठी एवं बाल विदुषी कुमारी शीघ्रता त्रिपाठी ने स्वयं हाथ में झाड़ू लेकर सफाई अभियान में शामिल होकर हेलो मनेंद्रगढ़ टीम के सदस्यों का हौसला बढ़ाया। हेलो मनेंद्रगढ़ फिट इंडिया टीम के सदस्य गुरुवार की सुबह सबसे पहले सिद्ध बाबा धाम आश्रम पहुंचे जहां पर आचार्य श्रीकांत त्रिपाठी से आशीर्वाद लिया और आश्रम से ही सफाई अभियान की शुरुआत की। टीम के सदस्यों ने भागवत कथा स्थल, भंडारा स्थल सहित सिद्ध बाबा धाम परिसर में साफ-सफाई की। इस दौरान हेलो मनेंद्रगढ़ की टीम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरदयाल रात्रे, नगरपालिका उपाध्यक्ष कृष्णमुरारी तिवारी, नपा इंजीनियर मुकेश दुबे, खोंगापानी नगर पंचायत इंजीनियर बसंत जायसवाल, शुद्धूलाल वर्मा, सतीश गुप्ता, सतीश द्विवेदी, विक्रांत साहू, विजय मिश्रा, पार्षद मो. शाहिद, पूर्व पार्षद जमील शाह सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।