कोरिया

बेमौसम बारिश से फसलों को नुकसान, क्षतिपूर्ति की मांग
18-May-2021 7:05 PM
बेमौसम बारिश से फसलों को नुकसान, क्षतिपूर्ति की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
चिरमिरी, 18 मई।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम बिहारी जायसवाल ने बेमौसम बारिश से बर्बाद हुई  फसल के सर्वे तथा किसानों को एक सप्ताह के भीतर क्षतिपूर्ति दिए जाने की मांग मुख्यमंत्री से की है। 

श्री जायसवाल ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल  को  पत्र प्रेषित कर नुकसान हुई फसलों का जल्द से जल्द सर्वे कराकर प्रभावितों को मुआवजा राशि देने को कहा है। इसके साथ ही पत्र में कोविड महामारी और बेपरवाह मौसम की दोहरी मार झेल रहे किसानों की व्यथा को भी दर्शाया है। 

आगे श्री जायसवाल ने कहा है कि, प्रदेशभर के किसान अभी गर्मी फसल के धान की कटाई मिंजाई आदि कर रहे हैं पर प्रदेश में हुए बेमौसम बारिश से खलिहान में पड़े फसल के साथ-साथ खेतों में खड़े फसलों को भी बेपरवाह मौसम ने बर्बाद कर दिया है। प्रदेश के बहुत से किसानों के खेतों में लगी सब्जियां भी नष्ट हो गई है। जिससे किसानों पर आर्थिक संकट कहर बनकर टूट पड़ा है। वहीं दूसरी ओर किसानों की खरीफ फसल के लिए खाद बीज व अन्य तैयारियां भी बाधित हुई हैं। 

हमारे प्रदेश का किसान महामारी  और  बेपरवाह मौसम के कारण कृषि चौपट होने से दोहरी मार झेल रहा है। जिसमें छत्तीसगढ़ शासन विलंब ना करते हुए जल्द से जल्द एक सप्ताह के भीतर किसानों को फसलों व सब्जियों के नुकसान का आकलन करवा उन्हें मुआवजा राशि देने की समुचित व्यवस्था करें। इसके अतिरिक्त किसानों की  क्षेत्र का बेपरवाह मौसम इस साल खरीफ की फसल के लिए बेहद नुकसान दायक साबित हो रहा है। क्षेत्र के अधिकांश हिस्से में खेतों में खड़ी फसल बर्बाद हो चुकी हैं। 

हाल में हुई तेज बारिश और ओलों की मार ने किसानों को गंभीर परेशानी में डाल दिया है। इस बेमौसम बारिश व ओलों ने किसानों की करीब 70 प्रतिशत खेती नष्ट कर दी है। बर्बाद होने वाली खेती में अनाज की फसल के अलावा मौसमी सब्जियां भी शामिल हैं। जिससे खेती पर आश्रित किसान खासे परेशान हैं।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news