कोरिया

उपार्जन केंद्रों में जाकर अनियमितता को लेकर भाजपा किसान मोर्चा के जांच दल ने किया दौरा
23-Jun-2021 8:03 PM
 उपार्जन केंद्रों में जाकर अनियमितता को लेकर भाजपा किसान मोर्चा के जांच दल ने किया दौरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
चिरमिरी, 23 जून। 
कोरिया जिले के धान संग्रहण व उपार्जन केंद्रों में जाकर अनियमितता को लेकर भाजपा किसान मोर्चा के जांच दल ने किया दौरा। 
पूरे प्रदेश के सभी जिलों में भाजपा किसान मोर्चा द्वारा धान उपार्जन व संग्रहण केंद्रों की जांच के लिए 5-7 सदस्यीय जांच दल की घोषणा की थी। गत दिनों भाजपा किसान मोर्चा जिला कोरिया के जांच दल ने भी कोरिया जिले के धान संग्रहण व उपार्जन केंद्रों में जाकर मौके पर मुआयना किया। 

इस जांच दल में भाजपा किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष श्याम बिहारी जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी जायसवाल, पूर्व मंत्री भईयालाल राजवाडे, पूर्व विधायक दीपक पटेल, जिला महामंत्री डम्बरू बेहरा, जमुना प्रसाद पाण्डेय, जिला कोषाध्यक्ष राहुल सिंह, किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री गोमती द्विवेदी, जिला उपाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष विनोद साहू, महामंत्री नरेश्वर प्रसाद रजक, उपाध्यक्ष पूरन चैबे, कोषाध्यक्ष आशीष मजूमदार, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष समाउद्दीन सिद्धिकी, जिलाध्यक्ष अंकुर जैन, किसान मोर्चा प्रभारी शैलेष शिवहरे शामिल हुए। इस दौरान किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष ने समितियों के जांच उपरांत कहा कि पहले किसानों को टोकन कटाने के लिए रात-रात भर धान खरीदी केंद्रों के बाहर डेरा डालना व उसके बाद धान बेचने के लिए खुद के व्यय से बारदाना खरीदना पड़ा। धान खरीदी के 72 घंटों में धान उपार्जन केंद्रों से धान का उठाव होना चाहिए था, लेकिन कांग्रेस सरकार की ऐसी अव्यवस्था व अनियमितिता रही कि आज मानसून आने के बाद तक धान खरीदी केंद्रों से धान का उठाव नहीं हो पाने के कारण पूरे प्रदेश में 10 लाख मिट्रिक टन धान बारिश में खराब व सुखत हो गया है। प्रदेश में लगातार बारिश हो रही है अभी भी लाखों मीट्रिक टन धान खुले में पड़ा हुआ है, जो अंकुरित तक हो जा रहा है। 

श्री जायसवाल ने कहा कि खाद्य विभाग के अधिकारियों ने धान उठाव का सरकार को गलत आंकड़ा प्रस्तुत कर गुमराह करने का काम किया गया है। इस सड़े हुए धान को प्रदेश सरकार औने-पौने दामों पर शराब व्यवसासियों को बेच देगी। क्या धान को सुनियोजित किसी षडय़ंत्र के तहत सड़ाया जा रहा है? इस तरीके से धान की बर्बादी भाजपा किसान मोर्चा बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं करेगी। यह प्रदेश के मेहनतकश किसानों के द्वारा उपजाये अन्न और किसानों दोनों का अपमान है। कोरिया जिले में 5000 क्विंटल धान बारिश में खराब व सुखत आया है। 
इसके साथ ही श्री जायसवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार द्वारा किसानों के हित में चालू किए गए अधिकांश सरकारी योजनाओं को कांग्रेस सरकार ने बंद कर दिया है। पशु पालकों से दो रूपए में गोबर खरीद कर गोबर खरीदी समितियों के माध्यम से गोबर खाद को जबरदस्ती किसानों को 10 रूपए किलो में खरीदने को मजबूर किया जा रहा है। गोबर खरीदी में भी लगातार गड़बड़ी के मामले सामने आ रहे है। कांग्रेस ने चुनाव से पहले किसानों से वादा किया था कि सरकार बनने के बाद प्रत्येक किसानों से 2500 रूपए क्विंटल में धान खरीदा जाएगा। लेकिन सरकार बनने के बाद भूपेश बघेल सरकार अपने वादे से पलट गई और किसानों को धान का पैसा किश्तों में देना चालू कर दिया। किसानों को धान का बोनस देने के लिए भी कांग्रेस सरकार ने अपने नेताओं की जयंती व पुण्यतिथि आने का इंतजार करवाया है। वहीं सरकार ने किसानों का कर्जमाफी की बात कही थी, लेकिन राष्ट्रीयकृत बैंकों से कर्ज लिए किसान कांग्रेस के कर्ज माफी के वादे में ठगे गए।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news