कोरिया

नेशनल शतरंज स्पर्धा में छग की महिला टीम ने जीता कांस्य
21-Mar-2022 7:01 PM
नेशनल शतरंज स्पर्धा में छग की महिला टीम ने जीता कांस्य

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मनेन्द्रगढ़, 21 मार्च। मनेंद्रगढ़ शतरंज संघ की कार्यकारी अध्यक्ष संगीता तिवारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश की महिला टीम ने दिल्ली में आयोजित सिविल सर्विसेज नेशनल शतरंज स्पर्धा में तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। पूर्व में इन्होंने गोल्ड मेडल जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया था। उन्होंने सभी खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

उल्लेखनीय है कि भिलाई इस्पात संयंत्र से किरण अग्रवाल छत्तीसगढ़ की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अपने खेल कौशल के कारण पूरे विश्व में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।

कोरिया जिला शतरंज संघ के सचिव संतोष कुमार जैन नेशनल आर्बिटर मनेंद्रगढ़ ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि पुराने सरगुजा जिले का क्षेत्रफल केरल प्रांत से भी अधिक था। वर्तमान में 4 जिलों में यह विभाजित हो गया है। इस वनांचल/कोयलांचल में शतरंज की असीम संभावनाएं हैं। कुछ सीमित मात्रा में बालक तो खेल रहे हैं, लेकिन इस अंचल में बालिकाओं एवं महिला खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यहां पर ऐसी विलक्षण प्रतिभाएं हैं जिन्हें सहयोग देकर प्रोत्साहित किया जाए तो विश्व पटल पर इस अंचल का नाम निश्चित रूप से स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरगुजा चेस जोन डेवलपमेंट कमेटी के माध्यम से छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के महासचिव विनोद राठी लगातार प्रोत्साहित कर रहे हैं कि संपूर्ण जिले में शतरंज की गतिविधियां संचालित हों। चेस इन स्कूल के माध्यम से बच्चों को शतरंज का प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। बालक-बालिकाओं को शतरंज की प्रतिस्पर्धा में सम्मिलित होने हेतु प्रोत्साहित किया जाए। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में सम्मिलित होने हेतु जिला स्तर पर तथा ब्लाक  स्तर पर निरंतर शतरंज की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए। नेशनल ऑर्बिटर जैन ने  क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों से सहयोग एवं आशीर्वाद प्रदान करने का अनुरोध किया है, ताकि सकारात्मक और रचनात्मक वातावरण में क्षेत्र में खेल गतिविधियों का कुशलतापूर्वक संचालन हो सके।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news