कोरिया

हाथी दल दो भागों में बंटा, एक कटघोरा व दूसरा वन परिक्षेत्र खडग़वां में
12-Oct-2022 2:02 PM
हाथी दल दो भागों में बंटा, एक कटघोरा व दूसरा वन परिक्षेत्र खडग़वां में

हाथी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचीं अंबिका, ग्रामीणों से मिलकर स्थिति का लिया जायजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बैकुंठपुर (कोरिया), 12 अक्टूबर।
हाथियों का  42 सदस्यीय दल दो भागों में बंट गया है। पहला दल कटघोरा वन मण्डल क्षेत्र के जंगलों में विचरण कर रहा है तो दूसरा दल वन परिक्षेत्र खडग़वां के कोटेया बीट के कक्ष क्रमांक पी  648 के हड़हामाड़ा नामक स्थान पर  12 अक्टूबर को विश्राम करते पाये गये। इस क्षेत्र से हाथियों के दल ग्राम मुगुम एवं खैरबहरा क्षेत्र में जाने तथा कटघोरा वन मण्डल क्षेत्र में जाने की संभावना बनी हुई है। वहीं संसदीय सचिव अंबिका सिंहदेव ने बीती रात हाथी प्रभावित क्षेत्र बचरापोड़ी के मुगुम बारी व कांसबहरा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान ग्रामीणों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया।

कोरिया वन मण्डल के वन परिक्षेत्र खडग़वां क्षेत्र में बीते कई दिनों से  42 सदस्यीय हाथियों का दल विचरण कर हैं। यह दल कभी कोरिया वन मण्डल के खडग़वां के सरहदी क्षेत्र में तो कभी कटघोरा वन मण्डल के सीमा में चला जाता है। इस तरह हाथियों के दल के द्वारा प्रभावित क्षेत्र के कई किसानों की खड़ी फसलों को चट कर दिया और रौंदकर बर्बाद कर दिया, इसके अलावा कुछ ग्रामीणों के घरों को भी नुकसान पहुंचाया।

बड़ी संख्या में हाथियों के दल के आने की खबर के बाद प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत है। दिन के साथ रात में भी ठीक से घर पर नहीं सो पा रहे हैं। इसी बीच छग शासन के संसदीय सचिव व बैकुण्ठपुर विधायक अंबिका सिंहदेव भी हाथी प्रभावित क्षेत्र  का बीते दिनों रात्रि में  दौरा किया और स्थिति का जायजा लेने के साथ क्षेत्रीय ग्रामीणों से चर्चा की गई। इस दौरान उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को किसानों के फसल नुकसान का आंकलन कर शीघ्र ही क्षतिपूर्ति दिये जाने के निर्देश दिये।

एक दल कटघोरा वन मण्डल में
हाथियों का 42 सदस्यीय दल के दो भागों में बंटने के बाद एक दल कटघोरा वन मण्डल क्षेत्र में विचरण कर रहा है। जानकारी के अनुसार 12 अक्टूबर को एक दल कटघोरा वन मण्डल क्षेत्र में पहुंच गया, लेकिन इसके पूर्व की रात्रि में हाथियों का दल इस वन मण्डल के केंदई रेंज के बीट पाली  अंतर्गत ग्राम दुल्लापुर, सरटीयामुडा, पिपरकुंडा क्षेत्र में विचरण करता रहा। वहीं दूसरा दल कोरिया वन मण्डल के कोटेया बीट क्षेत्र में विचरण करता रहा। वन विभाग का अमला लगातार हाथियों के आवाजाही पर निगरानी बनाये हुए है।

हाथी प्रभावित क्षेत्र में पहुंचीं अंबिका
संसदीय सचिव अंबिका सिंहदेव ने बीती रात्रि में हाथी प्रभावित क्षेत्र बचरापोड़ी के मुगुम बारी व कांसबहरा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान ग्रामीणों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया तथा उन्होंने ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाये रखने की समझाईश दी। साथ ही हाथी प्रभावित क्षेत्र के लोगों को 250 टार्च का वितरण भी संसदीय सचिव श्रीमती सिंहदेव ने किया। इसके अलावा हाथियों को भगाने के लिए पटाखों का उपयोग न करने की सलाह दी गई। हाथी प्रभावित क्षेत्र के लोग संसदीय सचिव व विधायक को पाकर खुशी व्यक्त किये।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news